सात महीने पहले जिला अस्पताल से छोड़ा था काम

सुबह मां ने फंदे पर लटका हुआ शव देखा

आगरा। पिछले 24 घंटे में सुसाइड की तीन घटनाओं ने शहर से लेकर देहात तक सनसनी फैला दी। सिटी में प्रशासनिक अधिकारी के चालक के बेटे ने सुसाइट किया तो दूसरी तरफ ताजगंज में महिला का शव फंदे पर लटका मिला। थाना सैंया में शराबी पति से आजिज महिला ने फंदा बना कर जान दे दी।

केस-1

जिला अस्पताल में करता था काम

अलबतिया, अबधपुरी जगदीशपुरा निवासी 28 वर्षीय अमर पुत्र भीकम सिंह पिछले दो साल से जिला अस्पताल में संविदा पर एनआरसी के पद पर काम करता था। करीब 7 महीने पहले उसने काम छोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक वह मानसिक रूप से कुछ कमजोर था। उसका इलाज विजय नगर कॉलोनी स्थित चिकित्सक से चल रहा था।

मां ने फंदे पर लटका देखा

अमर की पत्‍‌नी पूजा रक्षा बंधन मनाने मायके गुड़गांव गई हुई है। बुधवार की सुबह पिता को जल्दी ड्यूटी जाना था तो उन्होने पत्‍‌नी से जल्दी खाना बनाने को बोल दिया। पत्‍‌नी बुधवार की सुबह 4 बजे उठ गई। खाना बनाने की तैयरी कर रही थी। कुछ सामान फ्रिज से लाना था। वह जैसे ही बेटे के कमरे से होकर निकली देखा कि बेटा फंदे पर झूल रहा है। बेटे का शव देख मां की चीख निकल गई। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

केस-2

महिला की मौत पर हत्या की आशंका

कोटली की बगीची, ताजगंज निवासी 40 वर्षीय सुनीता पत्‍‌नी पन्ना लाल का शव फंदे पर लटका मिला है। पति बेलदारी करता हैं। दो बेटे, एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है। मंगलवार की दोपहर पति काम पर गए थे। बेटे भी फैक्ट्री गए थे। पति के मुताबिक एरिया में पड़ोसी के यहां पर धार्मिक आयोजन चल रहा है। पड़ोसी की बेटी भावना शाम चार बजे पत्‍‌नी को बुलाने आई थी।

फंदे पर शव, सामान बिखरा था

भावना जैसे ही उसको बुलाने गई तो कमरे में शव फंदे पर लटका हुआ था। इसी के बाद एरिया में बात फैल गई। पति के मुताबिक घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था। ज्वैलरी व कैश गायब था। लोगों ने पति को बताया कि मंगलवार को दो-तीन युवक घर में आए थे। वह फॉर्म भरने की बात कर रहे थे और पेन मांग रहे थे। इसके बाद पता नहीं वे कब गए।

मामले में हत्या की आशंका

मृतका के एक रिश्तेदार ने बताया कि पति का एक रिश्तेदार से लेनदेन था। उस रिश्तेदार ने उसकी पासबुक और एटीएम ले रखा था। अकाउंट को वही ऑपरेट करता था। दो दिन पहले पन्ना लाल ने उससे सारे बैंक संबंधी दस्तावेज ले लिए। रिश्तेदार का कहना था कि वहीं दो-तीन लोगों के साथ आया था। रिश्तेदार के मुताबिक महिला के चोट के निशान है, उसके मुंह को भी दबाया गया है। हत्या कर शव लटकाने की आशंका बन रही है।

पुलिस करेगी मुकदमा दर्ज

थाना ताजगंज पुलिस के मुताबिक मामले में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन पहले पोस्टमार्टम तक नहीं कराना चाह रहे थे लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। यदि हत्या के मामले में परिजन तहरीर देते हैं तो तुरंत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

केस-3

महिला का शव फंदे पर लटका मिला

गांव टीकापुरा थाना सैंया निवासी 24 वर्षीय ममता पत्‍‌नी सोनू ने सुसाइड कर जान दे दी। मामले के मुताबिक चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसके एक बेटी व एक बेटा है। पति शराब पीता है। इस बात पर पति-पत्‍‌नी का विवाद होता था। मंगलवार की दोपहर महिला का शव फंदे पर लटका मिला। महिला का मायका चावली एत्मादपुर में है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।