तीन दिन से चल रही हड़ताल मांगे मानी जाने के बाद खत्म

कर्मचारियों की हड़ताल के कारण ठप हो गए थे कई काम

ALLAHABAD: जल कल विभाग में पिछले चार दिनों से कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच चल रहा विवाद सोमवार को समाप्त हो गया। जलकल एडमिनिस्ट्रेशन ने कर्मचारियों की मांगों को मान लिया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया।

धरनास्थल पहुंचे अफसर

पिछले तीन दिनों से लगातार धरना दे रहे जलकल कर्मचारी सोमवार की सुबह राजेश कुमार निषाद की अध्यक्षता में धरने पर बैठे। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से शहर में जगह-जगह हो रही वाटर लॉगिंग और सीवर बैक फ्लो की समस्या से परेशान जलकल एडमिनिस्ट्रेशन ने सोमवार को कर्मचारियों की मांगे मानने का निर्णय लिया। दोपहर करीब 12 बजे कार्यवाहक महाप्रबंधक आरडी यादव धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों से बात की। इसके बाद धरना समाप्त हो गया। जलकल कर्मचारी संघ के मंत्री संतोष कुमार मेहरोत्रा, दिलीप चंद्र भारतीया, विनोद कुमार पटेल, महारानीदीन, कैलाश, गुलाब, मुअज्जम खां आदि मौजूद रहे।

इन मांगों पर दोनों पक्षों में बनी सहमति

ई-टेंड¨रग का कार्य 25 दिन में पूरा किया जाएगा।

आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन 15 तारीख तक ठेकेदार से दिलाया जाएगा

सेवानिवृत्त कर्मचारियों का 10 लाख रुपये तक एसीपी/ग्रेच्युटी का भुगतान 2-3 दिनों में करा दिया जाएगा

मेडिकल रिम्बर्समेंट में शासनादेश के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

बीमा के संबंध में शासन से सिफारिश की जाएगी

सेवानिवृत्त कर्मचारियों का अवकाश नकदीकरण का बिल तत्काल बनाकर लेखा विभाग में पेश किया जाएगा

लेखा लिपिकों, लिपिकों एवं अन्य रिक्त पदों पर पदोन्नति के संबंध में नगर आयुक्त से वार्ता की जाएगी