PATNA: कहा जाता है कि दो प्यार करने वालों को दुनिया की कोई ताकत एक दूसरे से अलग नहीं कर सकती है। इसे एक बार फिर रिशु और प्रिया ने सच कर दिखाया है। राजधानी के प्रेमी युगल बीते 10 वर्षो से एक दूसरे से प्यार करते चले आ रहे हैं। परिजनों को बिना बताए दोनों ने बीते वर्ष कोर्ट मैरिज कर ली। इस दौरान लड़की के घर वालों ने उसकी मर्जी के बिना शादी कहीं और तय कर दी। बाद में दोनों ने पुलिस की मदद ली तो रविवार को अगमकुआं पुलिस ने दोनों की शादी करा दी। इतना ही नहीं पुलिस ने ही कन्या दान किया।

-ऐसे हुई दोनों की मुलाकात

शहर के दानापुर के रहने वाले रिशु और कदमकुआं थाना क्षेत्र के दरियापुर इलाके की रहने वाली प्रिया की प्रेम कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। एक भोजपुरी एलबम में काम करने के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद दोस्ती और फिर धीरे धीरे दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा। दोनों ने साथ जीने और मरने की कसमें खाई।

-लड़की के परिजन नहीं थे तैयार

परजिन प्यार में अड़ंगा न बने इसलिए पिछले मई महीने दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली। इस दौरान लड़की के घरवालों ने लड़की की शादी कहीं दूसरी जगह तय कर दी। जिसका पता चलते ही दोनों ने अपनी शादी की बात घर में बताई। लड़के के घरवालों ने शादी को मंजूर कर लिया लेकिन लड़की के घर वाले नहीं माने।

-थाने ने की मदद

मामला बिगड़ता देख कर प्रेमी जोड़े ने स्थानीय थाने से मदद मांगी। दोनों ने थाने में अपने कोर्ट मैरिज के डॉक्यूमेंट्स दिखाए। कदमकुआं थानाध्यक्ष के निर्देश पर दोनों ने थाना में ही शादी की। प्रेमी युगल ने थाना परिसर में ही एक-दूसरे को वरमाला पहना कर साथ जीने-मरने की कसमें खाई। शादी में लड़के पक्ष के साथ पुलिस और दर्जनों लोग गवाह बने।