-देवीगंज निवासी ओएफसी कर्मी की पत्नी थी, गंगागंज में था मायका

-रूम में लटका मिला शव, परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

-पढ़ाई के लिए टोकने पर जान देने की आशंका, पुलिस पड़ताल में जुटी

KANPUR : चकेरी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव रूम में फांसी पर लटका मिला। पति ने उसके सुसाइड करने का दावा किया है, जबकि परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।

पढ़ाई के लिए टोका जाता था

चकेरी के पीएसी गंगागंज में रहने वाले हेतराम वर्मा एयरफोर्स कर्मी हैं। उनकी बेटी अर्पिता (23) की देवीगंज निवासी ओएफसी कर्मी कौशल किशोर से शादी हुई थी। अर्पिता डीबीएस कॉलेज में बीएड की स्टूडेंट थी। ससुराल में उसको पढ़ाई के लिए टोका जाता था। इसलिए वो बीएड एग्जाम की तैयारी के लिए दो महीने से मायके में रह रही थी। आरोप है कि कौशल को अर्पिता का पढ़ना पसंद नहीं था। उसने जबरन अर्पिता को 27 फरवरी को घर बुला लिया, जबकि 29 फरवरी को उसका एग्जाम था। वो 27 फरवरी को ससुराल चली गई।

नहीं बताई लोकेशन

रविवार की शाम को उसने बहन को फोन कर बात की। बहन ने बताया कि अर्पिता रो रही थी। उसने पूछा क्या हुआ तो उसने सिर्फ इतना कहा कि मेरा सिरदर्द कर रहा है और फोन काट दिया। कुछ देर बाद उसकी फिर अर्पिता से बात हुई। इसके करीब आधे घंटे बाद कौशल ने घर पर कॉल कर अर्पिता के फांसी लगाने की जानकारी दी। जिसे सुनते ही घर पर कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि उनके मायके पहुंचने के पहले ही कौशल अर्पिता की लाश को लेकर कहीं चले गए। उन्होंने कौशल को कॉल की तो उसने अर्पिता को हॉस्पिटल ले जाने का बहाना बना दिया। कौशल उनको सही लोकेशन नहीं बता रहा था। आरोप है कि करीब एक घंटे बाद कौशल ने सही लोकेशन बताई कि वो भार्गव हॉस्पिटल में हैं। वहां पर डॉक्टर्स के अर्पिता को मृत घोषित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम भेज ि1दया गया।

बॉक्स

पढ़ाई के लिए टोके जाने पर जान दी

अर्पिता टीचर बनाना चाहती थी। इसके लिए वो पढ़ाई कर रही थी, लेकिन पति समेत ससुराल वालों को उसका पढ़ाई करना पसन्द नहीं था। वे उसको ताने देते थे कि कोई शादी के बाद भी पढ़ता है। शादी के बाद तो घरेलू काम करना चाहिए और तुम पढ़ाई कर रही हो। सोर्सेज के मुताबिक उसने पढ़ाई के लिए टोके जाने पर ही सुसाइड किया है।