- मकान के बंटवारे को लेकर काफी दिनों से चल रहा है विवाद

- मायका पक्ष ने की ससुरालियों से हाथापाई, मुकदमा दर्ज नहीं

आगरा। बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटी मां फंदे पर लटक गई। परिवार में 50 गज के मकान को लेकर विवाद रहता था। मायका पक्ष ने जेठ पर विवाहिता के साथ मारपीट का आरोप लगाया। ससुरालियों से हाथापाई कर दी। परिजनों ने विवाहिता की मौत पर संशय व्यक्त किया है।

2005 में हुई थी शादी

मुस्तफा क्वार्टर, सदर निवासी 34 वर्षीय दीप्ति बख्शी पुत्री स्व। तेज प्रकाश की शादी 15 मई 2005 में राजेश बख्शी पुत्र स्व। सोमनाथ बख्शी निवासी ई-ब्लॉक कमला नगर से हुई थी। राजेश स्कूल वैन चलाता है। मकान के बंटवारे को लेकर कई दिनों से विवाद बना हुआ है। मकान करीब 50 गज में बना है। क्लेश के चलते राजेश ने भी कई बार पत्नी की पिटाई की। विवाहिता के भाई यश के मुताबिक सुबह करीब सात बजे राजेश का फोन आया कि घर आ जाओ कुछ इमरजेंसी है। आठ बजे तक मायका पक्ष के लोग पहुंच गए। विवाहिता फंदे पर लटकी मिली। मायका पक्ष और ससुरालियों के बीच झगड़ा हो गया। जेठ के साथ हाथापाई हो गई।

पहले भी किया था फैसला

यश ने बताया कि पहले भी एक-दो बार विवाद हुआ था, तब भी परिजनों ने फैसला कराया। पति के अलावा जेठ संजय उसे बहुत मारता था। लोगों ने बताया कि मृतका के 11 वर्षीय बेटी खुशी व नौ वर्षीय बेटा हर्ष है। गुरुवार सुबह दीप्ति बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी। पति उस दौरान अपनी वैन लेकर स्कूल के बच्चों को लेने निकल गया। मायका पक्ष ने अभी थाने पर किसी के खिलाफ कुछ लिख कर नहीं दिया है। परिजन पोस्टमार्टम का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।