PATNA : पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद बिहार के दोनों सपूत मसौढ़ी के तारेगना डीह गंाव निवासी संजय कुमार सिन्हा और भागलपुर जिले के रतनपुर के रतन कुमार ठाकुर का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे विमान से पटना एयरपोर्ट पर लाया गया। शहीदों के पार्थिव शरीर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही भारी संख्या में तिरंगा लहराने लगा और लोग भारत माता की जय, शहीद जवान अमर रहे के नारा से पूरा एयरपोर्ट गूंज उठा। एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री शुशील कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित अन्य लोग पहुंचे थे। प्लेन से पार्थिव शरीर उतरने के बाद दोनों शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जवान रतन के शरीर को हेलीकॉप्टर से रतनपुर भेजा गया। वहीं संजय सिंह के पार्थिव शरीर को वाहन से उनके पैतृक गांव तारेगना डीह ले जा गया। वहां पर संजय की पत्‍‌नी बबिता अपने पति का शव तिरंगे लिपटा देख चीख कर बोली कि सिर्फ और सिर्फ बदला।

सभी की आंखें हुई नम

स्टेट हैंगर में अपने शहीदों को आखिरी सलामी के लिए लाल कारपेट बिछाया गया था। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय और कई अन्य आला अधिकारियों ने शहीदों को खुद कंधा दिया और उनके पार्थिव शरीर को स्टेट हैंगर लाया गया। दोपहर करीब 1 बजे शहीद संजय का पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचा। इस दौरान हजारों लोग उनके घर के बाहर इकट्ठा हुए थे। पत्‍‌नी, बेटी और पिता के आंखों से आंसू नहीं थम रहा था। उनकी आंखों में आंसू देख वहां पर खड़े लोग भी अपनी आंसू नहीं रोक पाए और लोग भी बिलख पड़े। हर आंखों में आंसू दिख रहा था।

रास्ते में लोग कर रहे थे इंतजार

पार्थिव शरीर पटना आने की सूचना के बाद हजारों की संख्या में लोग एयरपोर्ट पहुंच गए। पूरे रास्ते में तिरंगा लेकर लोग इंतजार कर रहे थे। आगे-आगे शहीद की गाड़ी जा रही थी और पीछे से जनसैलाब चल रहा था। रास्ते में लोग तिरंगा लेकर खड़े थे। एयरपोर्ट से पैतृक गांव तक करीब पांच हजार लोग बॉडी लेकर गांव पहुंचे।

बेटे ने दी पिता को मुखाग्नि

शहीद संजय कुमार सिन्हा के पार्थिव शरीर को गांव में करीब एक घंटे रखने के बाद अंतिम संस्कार के लिए फतुहा लाया गया। वहां पर शहीद जवान के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात थे। शहीद का बेटा ओमप्रकाश ने पिता को मखाग्नि दी। इस दौरान सभी लोगों की आंखे नम हो गई थी।

शहीद जवानों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शहीद हुए बिहार के दो जवानों के परिजनों को राज्य सरकार मुख्यमंत्री राहत कोष से 25-25 लाख रुपए देगी। यह पूर्व से राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले 11 लाख रुपए की राशि के अतिरिक्त है। शहीद परिवार के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और शादी-ब्याह में भी सरकार पूरी सहायता करेगी। संबंधित जिले के जिलाधिकारी को इस बारे में निर्देश दे दिया गया है।