JAMSHEDPUR: 25 नवंबर को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल मैदान में समाधान संस्था के मंडप में गरीब व अभिवंचित वर्ग के 15 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा। एक दिन पूर्व 24 नवंबर को विधिपूर्वक हल्दी, मेहंदी एवं संगीत की रस्म होगी। यह जानकारी 'समाधान' के पदाधिकारियों ने बुधवार को साकची स्थित एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।

गवर्नर होंगी मुख्य अतिथि

अध्यक्ष पूनम विग ने बताया कि 25 नवंबर को बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू जोड़ों को आशीष देंगी। वहीं विवाह की पूर्व संध्या पर शहर की कई महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। संगीत संध्या में उपायुक्त अमित कुमार एवं एसएसपी अनूप बिरथरे मुख्य अतिथि होंगे।

संस्था के संरक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि सामूहिक विवाह का यह लगातार चौथा वर्ष है। दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध समाधान लोगों के मध्य जागरूकता लाने का प्रयास कर रही है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए चार पहिया वाहन की जगह इस बार ई-रिक्शा पर सवार 15 दूल्हों की बारात विवाह मंडप तक पहुंचेगी। विवाह के दौरान लजीज व्यंजनों का भी प्रबंध संस्था की ओर से किया गया है। इस वर्ष समाधान द्वारा गोद लिए गए गांव खडि़याकोचा के भी एक जोड़े का विवाह सामूहिक विवाह में संपन्न होगा। विगत तीन वर्षो में सामूहिक विवाह के दरम्यान परिणय सूत्र में बंधे जोड़े भी अपना वैवाहिक वर्षगांठ मनाएंगे।

इनकी रही मौजूदगी

पत्रकार वार्ता के दौरान बीना खीरवाल, पूनम साहू, कुलजीत सदाना, अंकित आनंद, अमरजीत सिंह राजा, अंजली सिंह, आशीष गुलाटी, हरजीत भाटिया, सरबजीत सिंह, सुनीता सचदेव, अमिता महेंद्रु समेत संस्था के अन्य सदस्य मौजूद थे।