गाजे-बाजे के साथ शहर में निकली बारात

तीन अलग-अलग संस्थाओं ने किया सामूहिक विवाह का आयोजन

ALLAHABAD: शहर में रविवार का दिन सामूहिक विवाह आयोजनों के लिए खास रहा। तीन अलग-अलग सामाजिक संस्थाओं ने सामूहिक विवाह का आयोजन किया। वैवाहिक स्थलों पर तीन दर्जन से अधिक जोड़ें विवाह के बंधन में बंधे तो जिन मार्गो से डीजे की धुन पर बारातियों का कारवां नाचते गाते निकला वहां उपस्थित हर कोई ऐसा नजारा देखकर मंत्रमुग्ध हो उठा।

11 जोड़े बंधे विवाह बंधन में

विश्वकर्मा पंचाल ब्राह्माण सभा व सामाजिक चेतना मिशन के संयुक्त तत्वावधान में कर्नलगंज इंटर कॉलेज में तीसरा सामूहिक विवाह आयोजन हुआ। कॉलेज परिसर में बने भव्य पंडाल में 11 जोड़ें सात जन्मों के बंधन में बंधे। मुख्य अतिथि राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष जस्टिस रवीन्द्र सिंह और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा ने विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से रोटी और बेटी का संबंध मजबूत होता है। संयोजक पंकज मनु, कृष्णा प्रसाद विश्वकर्मा, महेन्द्र विश्वकर्मा व ओम प्रकाश विश्वकर्मा ने जोड़ों को गृहस्थी का सामान उपहार में दिया।

कल्याणी देवी मंदिर से निकली बारात

क्षत्रीय सोनार युवक समिति की ओर से कल्याणी देवी मंदिर से 21 दूल्हों को मुख्य अतिथि बैजनाथ सिंह व राजेन्द्र कुमार वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने घोड़ी पर बैठाकर बारात रवाना किया। हाथी, घोड़े व डीजे की धुन पर बाराती नाचते गाते हुए दरियाबाद स्थित क्षत्रीय ‌र्स्वणकार धर्मशाला पहुंचे। विवाह मंडप में पूरे रीतिरिवाज के साथ रस्में निभाई गई। पूर्व पार्षद बसंत लाल आजाद ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर समिति अध्यक्ष रामबाबू वर्मा, रवीन्द्र कुमार वर्मा, सोमनाथ स्वर्णकार आदि मौजूद रहे।

राजर्षि मंडपम में गूंजी शहनाई

जायसवाल समाज की ओर से राजर्षि मंडपम में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। कटघर स्थित जायसवाल धर्मशाला से 12 दूल्हों की सवारी पूरी सजधज के साथ निकली। फिल्मी गीतों की धुन पर थिरकते बाराती मुट्ठीगंज, आर्यकन्या रोड, कोठापार्चा, हीवेट रोड होते हुए राजर्षि मंडपम पहुंचे। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवदंपति दाम्पत्य बंधन में बंधे। आयोजन प्रभारी टीएन जायसवाल व पुरुषोत्तम जायसवाल ने जोड़ों को आशीर्वाद देकर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। सभी जोड़ों को समाज के पदाधिकारियों ने गृहस्थी का सामान दिया।