-मेरठ दक्षिण विधान सभा में बढ़ा सबसे ज्यादा वोटर

-वोट वृद्धि के मामले में मेरठ कैंट दूसरे नंबर पर

Meerut । विधान सभा चुनाव 2017 में नए वोटर्स का मूड समझना सभी के लिए मुश्किल होगा। नई मतदाता सूची के अनुसार जिले की सात विधान सभाओं में विधान सभा चुनाव 2012 के मुकाबले 13.19 प्रतिशत मतदाताओं में इजाफा हुआ है। जहां दो या तीन फीसदी वोटर भी गणित बिगाड़ सकता हो, वहां 13.19 फीसदी वोटर्स को समझना किसी भी पार्टी या प्रत्याशी के लिए आसान नहीं है।

समझना होगा गणित

2012 में जब चुनाव हुए तो जिले की सात विधान सभा सीटों पर 21 लाख 61 हजार 423 मतदाता थे, जो 2017 के चुनाव में 24 लाख 46 हजार 350 हो गए हैं। बढ़े हुए मतदाताओं की संख्या 2 लाख 84 हजार 927 है, जो 2012 के मुकाबले 13.19 फीसदी अधिक है। सबसे ज्यादा वोट मेरठ दक्षिण विधान सभा में बढ़ा है। यहां पिछली बार 3 लाख 54 हजार 563 वोट थे, जबकि इस बार 4 लाख 28 643 वोटर हैं। पिछली बार के मुकाबले ये 20.89 प्रतिशत ज्यादा हैं।

मेरठ शहर में सबसे कम

मेरठ कैंट में 15.88 प्रतिशत वोट बढ़ा है। 2012 में यहां 3 लाख 46 हजार 007 वोट थे, जबकि इस बार 4 लाख 922 वोट हैं। वोट वृद्धि के मामले में सरधना तीसरे नंबर पर हैं। यहां 36 हजार 690 (12.42 प्रतिशत) वोट बढ़े हैं। सबसे कम वोट मेरठ विधान सभा में बढ़ा है। 2012 में 2 लाख 78 हजार 778 वोट थे, जबकि इस बार 3 लाख 02 हजार 177 वोटर हैं। पिछले चुनाव के मुकाबले 23 हजार 339 (8.38 परसेंट) वोट बढ़ा है।