- महापौर ने किया केंद्रीय कार्यशाला का निरीक्षण, मिली अनियमितताएं

LUCKNOW

साल के पहले दिन गोमतीनगर स्थित केंद्रीय वर्कशॉप का निरीक्षण करने पहुंची महापौर संयुक्ता भाटिया को काफी अनियमितताएं मिलीं। आलम यह था कि महापौर ने जब अटेंडेंस रजिस्टर मांगा तो उसे भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका। जिससे वह नाराज हुईं और उन्होंने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द कर्मचारियों की संख्या, पूर्व में दर्ज उपस्थिति समेत अन्य कार्यो की सूची उपलब्ध कराई जाए।

ये अभिलेख भी मांगे

महापौर ने निर्देश दिए कि यथाशीघ्र बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था की जाए साथ ही वर्कशॉप में होने वाले आय-व्यय का लेखा-जोखा, वाहनों, कूड़ेदान एवं जेसीबी आदि की मरम्मत और उनसे संबंधित बीमा संबधी दस्तावेज़ इत्यादि भी प्रस्तुत किए जाएं।

महापौर जी, सर्वर नहीं आ रहा है

महापौर ने एकीकृत नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पर होने वाली ऑनलाइन शिकायतों की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि रोजाना 300-400 शिकायतें आती है और दो से तीन दिन में निराकरण कर दिया जाता है। जब महापौर ने पिछले सप्ताह की शिकायतों और उनके निदान का विवरण कंप्यूटर पर दर्शाने को कहा तो कर्मचारी द्वारा सर्वर न आने की बात कही गयी। जब महापौर ने कहाकि दूसरे कंप्यूटर पर तो सर्वर चल रहा है तो कर्मचारी सकते में आ गया। इस पर महापौर ने कड़ी फटकार लगाई। महापौर ने जनता की समस्याओं को चौबीस घंटे के अंदर हल करने का आदेश दिया और कंट्रोल रूम को उनके ऑफिस से जोड़ने को भी कहा।