आई नेक्स्ट की खबर पर मेयर ने लिया संज्ञान

यमुना के घाटों पर मिली मेयर को खामियां

अधीनस्थों को जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश

छठ पूजा से पहले घाटों की बदल जाएगी सूरत

आगरा। मेयर ने मंगलवार को यमुना के प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। बल्केश्वर, रामबाग और हाथी घाट का नजारा देखकर मेयर ने सफाई कर्मचारियों को फटकार लगाई। बता दें, आई नेक्स्ट ने छठ पर्व पर यमुना के घाटों की बदहाल तस्वीर को 26 अक्टूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

बल्केश्वर घाट पर होगी लाइटिंग

मंगलवार दोपहर 12 बजे महापौर इंद्रजीत आर्य बल्केश्वर घाट पहुंचे। घाट की सीढि़यां यमुना की मिट्टी से अटी पड़ी थीं। हर ओर कीचड़ और दलदल जैसा नजारा दिख रहा था। कर्मचारी सफाई करने में लगे थे। गड्ढों को मिट्टी से भरा जा रहा था। कुछ आवारा पशु घूम रहे थे। पूर्वाचल सेवा समिति के सदस्य अखिलेश सिंह ने बताया कि नगर निगम की ओर से पूर्व में यहां लाइटिंग सजावट आदि की जाती थी, लेकिन बंद कर दी गई है। इस पर माहापौर ने सहमति जताते हुए तत्काल भव्य लाइटिंग और घाट पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

रामबाग घाट पहुंचे

बल्केश्वर के बाद मेयर रामबाग घाट पहुंचे। यहां कर्मचारी मंदिर की सीढि़यों के पास मिट्टी डाल रहे थे। सफाई अभियान भी जोरों पर चल रहा था। यहां मौजूद जेडओ सीपी शर्मा व निर्माण विभाग के सहायक अभियंता डीडी शर्मा को मेयर ने निर्देश दिए कि समय रहते घाट पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं।

हाथी घाट पर भरे गड्ढे

इसके बाद मेयर हाथी घाट पहुंचे। यहां यमुना के गहरे गड्ढों को जेसीबी से मिट्टी डालकर भरा जा रहा था। ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता निरीक्षण सुरेन्द्र यादव व निर्माण विभाग के सुपरवाइजर ताहिर को मेयर ने साफ-सफाई को लेकर निर्देशित किया।

महापौर के निरीक्षण में किसी भी घाट पर व्यवस्था उचित नहीं पाई गई। महापौर ने अधिकारियों को छठ पूजा से पहले अधूर कार्य पूरे करवाने के निर्देश दिए।

बालू का खनन होता मिला

मेयर बल्केश्वर घाट पहुंचे तो, वहां जेसीबी से बालू का खनन किया जा रहा था। मेयर को देखते ही खनन कर रहे लोग अपने वाहन लेकर भाग गए। मेयर ने अधिकारियों से पूछा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद भी यहां पर खनन किस आधार पर किया जा रहा है। इसके लिए खनन की अनुमति क्यों और किसने दी? इस संबंध में जिलाधिकारी से जवाब तलब किया जाए।

निरीक्षण में ये रहे मौजूद

मेयर के साथ पूर्वाचल सेवा समिति के सदस्य मनोज गौतम, ओमप्रकाश गुप्ता, अरविंद सिंह, दिवांकर सौमवंशी, विजय द्विवेदी, अशोक चौबे, अनुभान सिंह, समाजसेवी गोपाल चाहर, अवर अभियंता योगराज यादव आदि मौजूद रहे।

इंद्रजीत आर्य महापौर ने बताया कि हमने अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। जल्द ही सभी घाट साफ हो जाएंगे। तीन घाटों का निरीक्षण कर लिया है। जरूरत पड़ी तो हम और घाटों का भी निरीक्षण करेंगे। हम विशेष अवसर और विशेष पर्वो पर समय-समय पर इन घाटों की सफाई करवाते रहेंगे।