RANCHI: सिटी में गंदे पानी की सप्लाई को लेकर मेयर आशा लकड़ा ने बुधवार को रुक्का डैम की जलापूर्ति व्यवस्था का इंस्पेक्शन किया। उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व आपूर्ति व्यवस्था देखा। इस दौरान पाया गया कि डैम से आपूर्ति होने वाला पानी ठीक है, दूषित पानी समस्या लीकेज की वजह से है। रुक्का डैम के इंजीनियरों ने मेयर को बताया कि रांची में पानी की पर्याप्त सप्लाई की जा रही है। मेयर ने कहा कि लीकेज के कारण ही घरों तक पहुंचने वाले पानी में गंदगी रहती है। लीकेज की मरम्मत के लिए फंड की कमी बड़ी बाधा है। मेयर ने पर्याप्त फंड मुहैया कराने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव को पत्र लिखकर विशेष फंड निर्गत करने का कहा है। मेयर ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मुख्य अभियंता सह अधीक्षण अभियंता श्वेताभ कुमार को लीकेज को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

समय पर पानी सप्लाई का निर्देश

रुक्का डैम के बाद बूटी जलागार का भी मुआयना किया। मेयर ने प्लांट डैम इंटेक बेल से जाने वाले पानी से एरियेटर और क्लोरिफॉल कुलेटर में जाने वाले पानी की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान सप्लाई के लिए तैयार पानी का भी सैंपल मेयर ने लिया। वहीं जलापूर्ति के लिए निर्धारित समय की जानकारी ली और समय पर पानी सप्लाई का निर्देश दिया। कहा, शहर के आसपास के लोग रात में जल्दी सोते हैं, इसलिए उन्हें सुबह-शाम पानी दिया जाए। वहीं शहर में देर रात तक लोग जगते हैं, वहां देर से भी पानी देने पर काम चलेगा।

मरम्मत कार्य शुरू कराया

मेयर ने अपनी मौजूदगी में जयप्रकाश नगर, बरियातू, करमटोली आदि क्षेत्रों में मरम्मत कार्य भी शुरू करवाई। रुक्का के इंजीनियरों ने जरूरत के हिसाब से मानव संसाधन की कमी है। जितनी संख्या चाहिए उसके आधे ही लोग हैं। निरीक्षण के दौरान निगम के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार, पीएचईडी के मुख्य अभियंता सह अधीक्षण अभियंता श्वेताभ कुमार, कार्यपालक अभियंता तपेश चौधरी, प्रभात कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य मौजूद थे।

खर्च अधिक और आपूर्ति कम

पानी में चूना, एलम एवं ब्लिचिंग पाउडर की गुणवत्ता की भी जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि एलम व बिल्चिंग पाउडर का खर्च अधिक है और आपूर्ति कम की जाती है। इस कारण उधार में भी काम चलाना पड़ता है। मेयर ने पेयजल सप्लाई प्लांट फेज वन बरियातू में भी कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार को समय पर जलापूर्ति करने का आदेश दिया।