महिला थाने में मेडिकल की छात्रा ने दर्ज कराया दुष्कर्म का मुकदमा

आरोप आरआई का बेटा शादी का झांसा देकर करता रहा रेप

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: उसने मेरी लाइफ खराब की है। अब शादी करूंगी तो सिर्फ उसी से। जिस तरह उसने शादी का झांसा देकर मेरे साथ दुष्कर्म किया। मैं उसे बिल्कुल भी माफ नहीं करूंगी। ये बोल उस मेडिकल की छात्रा के हैं जो बुधवार को महिला थाने में दुष्कर्म का मुकदमा लिखवाने आई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित सिविल लाइंस निवासी आशुतोष द्विवेदी समेत दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर, लड़की का कहना है कि मामला सामने आने के बाद उसे घर वालों ने निकाल दिया है।

वाराणसी के एक विश्वविद्यालय से आरोप लगाने वाली युवती मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। पिता सरकारी नौकरी में हैं। उसका आरोप है कि प्रयागराज में पुलिस विभाग में तैनात विनोद द्विवेदी के बेटे रितेश द्विवेदी से उसकी फेसबुक के बाद फोन पर दोस्ती हुई। फिर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। पीडि़ता का कहना है कि इस बीच रितेश का बड़ा भाई आशुतोष भी रितेश से बातचीत के दौरान फोन पर रहता था। आशुतोष प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। बाद में आशुतोष ने अपने फोन से कॉल शुरू किया। इस बीच वह कई बार मिलने के लिए वाराणसी भी पहुंच गया। फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। अप्रैल में उसने अपनी एंगेजमेंट कर ली। इस बात की जानकारी हुई तो युवती ने आशुतोष से सम्पर्क का प्रयास किया। फिर उसने नंबर ब्लाक कर दिया। छात्रा का कहना है कि मामले की जानकारी होने के बाद परिवार वालों ने उसे घर से निकाल दिया है। छात्रा हास्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है। महिला थाने की पुलिस ने आशुतोष द्विवेदी, पिता विनोद द्विवेदी व मां के खिलाफ दुष्कर्म व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।

उच्चाधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पीडि़ता की तहरीर पर आशुतोष द्विवेदी, पिता विनोद कुमार द्विवेदी व एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, एससी एसटी व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है।

कल्पना गौतम, इंस्पेक्टर, महिला थाना