-नगर निगम वारंट के बाद जारी किए नोटिस, प्रोपर्टी कुर्क करने चेतावनी

-बकाया टैक्स के साथ वसूला जाएगा 10 फीसदी अतिरिक्त चार्ज

Meerut: बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई करने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को नोटिस जारी कर दिए। नोटिस में निगम ने बकाया राशि के साथ दस फीसदी अतिरिक्त चार्ज भी जोड़कर भेजा है। बकाएदारों को एक सप्ताह के भीतर पेमेंट न करने पर संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी दी है।

हिट लिस्ट में 15 बड़े बकाएदार

दरअसल, लंबे समय से हाउस टैक्स अदा न करने पर निगम ने कंकरखेड़ा जोन के सबसे बड़े बकायादार 15 उद्योगों व कॉलेज के कुर्की वारंट जारी किए थे। गुरुवार को वारंट के बाद निगम ने सभी को नोटिस जारी किए हैं। जिसमें बकाया राशि के साथ साथ 10 फीसदी अधिक चार्ज वसूल करने की घोषणा की गई है।

संपती कुर्क कर वसूला जाएगा टैक्स

निगम ने बकाएदारों को एक हफ्ते का समय दिया है। इसके बाद इन सभी उद्योगों व संस्थानों की अचल संपत्ति को कुर्क करके निगम की संपत्ति घोषित करने तथा उनकी नीलामी करके बकाया राशि की वसूली करने की घोषणा की गई है।

ज्ञान भारती पर सबसे ज्यादा बकाया

नगर निगम की हिट लिस्ट में डूंगरावली स्थित ज्ञान भारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी है। (1.90 करोड़ रुपया हाउस टैक्स बकाया) उप नगर आयुक्त दिनेश यादव ने खुद उक्त संस्थान में पहुंचकर नोटिस प्राप्त कराया। जिसमें दस फीसदी वसूली शुल्क जोड़ते हुए कुल बकाया 2.09 करोड़ की मांग की गई है।

वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही चल रही है। लिहाजा हाउस टैक्स वसूली प्राथमिकता है। बकाएदारों का एक हफ्ते का समय दिया गया है।

दिनेश यादव, उप नगर आयुक्त