उठाए गए एक आरोपित से पूछताछ में जुटी रही पुलिस

PRAYAGRAJ: सिविल लाइंस एरिया के बाल्मिकी चौराहे पर बुधवार को चाकू से व्यापारी की हत्या करने वाले को पुलिस ने गुरुवार की देर शाम दबोच लिया है। पकड़े गए अभियुक्त से पुलिस पूछताछ में जुटी है। हत्या के पीछे पैसों का विवाद बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी अभियुक्त का नाम ओपन करने से कतरा रही है। घटना के बाद पुलिस को मृतक के भाई शशि साहू ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी।

बाल्मिकी चौराहे पर वारदात

कटरा निवासी सुशील साहू ने बाल्मिकी चौराहे के पास ओम जनरल स्टोर के नाम से दुकान खोली थी। बुधवार को सुशील दुकान में बैठा था। इस बीच पहुंचे एक शख्स ने दुकान में घुस कर उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया। घटना से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस घायल व्यापारी को एसआरएन अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को उसका पोस्टमार्टम हुआ। मामले में उसके भाई शशि साहू ने पुलिस को तहरीर दी थी। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया। देर शाम मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को उठा लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि पकड़ा गया शख्स ही व्यापारी का कातिल है। उससे पूछताछ की जा रही है। देर रात तक पुलिस पकड़े गए अभियुक्त की बाबत मुंह खोलने से कतराती रही।

मौके पर चौके की तैयारी

अभियुक्त की गिरफ्तारी के बावजूद उसका नाम व पता देर रात तक न बताने के पीछे एक खास वजह बताई जा रही है। विभागीय लोगों की मानें तो सिविल लाइंस पुलिस नए साहब के सामने मिले मौके पर चौका मारने की तैयारी में है। दरअसल गिरफ्तार किए गए अभियुक्त को एसएसपी के सामने पेश कर उन्हीं से इस केस का खुलासा कराया जाएगा। ऐसे में यदि साहब की नजरें इनायत हो गई तो बख्शीश में कुछ अच्छे इनाम भी मिल सकते हैं। कहा जा रहा है कि गुरुवार को इस केस की एसएसपी से पीसी कराई जा सकती है।

घर पर उमड़ी भीड़

सुशील साहू की बॉडी पोस्टमार्टम के बाद आवास पर पहुंचने पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। रोना-पीटना मय गया। लोगों के रोष को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। दोपहर में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

कातिल को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली गई। इससे ज्यादा अभी कुछ नहीं बता सकते।

धीरेंद्र सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष, सिविल लाइंस