रसूलाबाद घाट पर उमड़ी भीड़, कई वर्षो तक किया था इलाहाबाद के व्यापारियों का नेतृत्व

ALLAHABAD: 1993 से लेकर कई वर्षो तक इलाहाबाद के व्यापारियों का नेतृत्व कर चुके तेज तर्रार व्यापारी नेताओं में से एक सुनील सेठ बग्गा के निधन की जानकारी होते ही इलाहाबाद के व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को बड़ी संख्या में प्रयाग व्यापार मंडल, सिविल लाइंस व्यापार मंडल, इलाहाबाद गल्ला तिलहन व्यापार मंडल के साथ ही अन्य व्यापार मंडलों के सदस्य व पदाधिकारियों ने रसूलाबाद घाट पहुंच कर उन्हें अंतिम विदाई दी।

बैठक कर शोक जताया

प्रयाग व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय अरोरा की अध्यक्षता में शनिवार को होटल काशी में बैठक हुई। इसमें व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुनील सेठ बग्गा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यहां से व्यापारियों ने रसूलाबाद घाट पहुंच कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी। शोक व्यक्त करने वालों में अनीत जायसवाल, सुहैल अहमद, मो। कादिर, अरुण केसरवानी, उमेश केसरवानी, शिवशंकर सिंह, बलबीर कोहली, सरदार जोगिंदर सिंह, फैयाज अहमद, महमूद अहमद, लालू मित्तल, विजय वैश्य आदि शामिल रहे।

बग्गा के संघर्षो को याद किया

सिविल लाइंस व्यापार मंडल के कार्यालय पर शोक सभा कर तेज तर्रार व्यापारी नेता सुनील सेठ बग्गा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व अध्यक्ष बलबीर कोहली व सरदार जोगिंदर सिंह ने उनके संघर्षो को याद किया। इलाहाबाद गल्ला-तिलहन व्यापार व्यापार मंडल के व्यापारियों की बैठक सतीश चंद्र केसरवानी की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि सुनील बग्गा ने व्यापारियों के हित में हमेशा लड़ाई लड़ी। 1995 में मंडी समिति के विरोध में जबर्दस्त विरोध किया था। शोक सभा में संतोष पनामा, राजकुमार समानी, प्रेमचंद रस्तोगी, शिव कुमार वैश्य, रविंद्र जायसवाल, प्रमिल केसरवानी आदि मौजूद रहे।