- अतरसुइया में घर में किया गया बंद, दो थानों की पुलिस पहुंची छुड़वाने

- आरोप है कि गलत नीयत से बिना वर्दी के घर में घुसे थे करेली के दरोगा

- बैठाई गई जांच, वीडियो भी हुआ वायरल

ALLAHABAD:

करेली थाने के दरोगा मोहन सिंह की शनिवार रात मीरापुर के पटेल नगर में खासी फजीहत हुई। वह एक घर में घुसे ही थे कि भीतर से दरवाजा बंद कर दिया गया। पुलिस कंट्रोल रूम को खबर दे दी गई कि दरोगा गलत नीयत से घर में घुसे हैं। करेली के साथ ही अतरसुइया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दरोगा को मुक्त कराया। हालांकि पुलिस का पक्ष है कि दरोगा को सट्टा की खबर देकर बुलाया गया था। उनको साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। पूरे प्रकरण का सेलफोन से वीडियो भी बनाया गया है, जिसे पुलिस अफसरों को सौंपा गया है।

शाम को गई थी शिकायत करने

दरोगा पर आरोप लगाया है मीरापुर के रहने वाले अरुण पांडेय की पत्‍‌नी पुष्पा पांडेय ने। दोनों रेड सोसाइटी के नाम से एक एनजीओ भी चलाते हैं। शनिवार को पुष्पा शास्त्री नगर के स्टूडेंट शोभित श्रीवास्तव को लेकर करेली थाने गई थी। आरोप है कि शोभित को अटाला के कुछ दंबग किस्म के युवक परेशान कर रहे हैं। शोभित ने उनसे तीन हजार रुपए लिए थे। इसके बदले वह उससे 15 हजार रुपए मांग रहे हैं। वहां पर दरोगा मोहन सिंह मिले जिनको एप्लीकेशन के साथ ही सेलफोन नंबर भी दिया गया। आरोप है कि रात में दरोगा सफारी पहने हुए उनके घर पर पहुंच गए। घर में वह अश्लील हरकत करने लगे। पुष्पा ने शोर मचाया तो पति व फैमिली के अन्य लोग जुट गए और दरवाजे को भीतर से बंद कर लिया। दरोगा पर आरोप लगाया गया कि वह दुष्कर्म की कोशिश कर रहा था। इसके बाद पुष्पा ने सीओ के साथ ही पुलिस के कई अफसरों को फोन लगा दिया। दरोगा ने भी एसओ करेली संतोष शर्मा को फोन किया।

कहा कि फाड़ दो कपड़े

इस पूरे प्रकरण का सेलफोन पर वीडियो बनाया गया है। वीडियो में अरुण यह कहता हुआ सुनाई दिया है कि दरोगा के कपड़े फाड़ दो। यह बात वह अपनी पत्‍‌नी से कह रहा था। वीडियो में पुष्पा से दरोगा की हाथापाई होती भी नजर आई है। इसी के कुछ देर बाद पुलिस पहुंच जाती है। अपने साथियों के पहुंचने के बाद दरोगा की हिम्मत बढ़ी और वह पुष्पा व अरुण को धमकाते हुए नजर आया। दरोगा मोहन सिंह का कहना है कि यह सब साजिश के तहत किया गया। उनको पुष्पा ने फोन पर कहा था कि कुछ लोग जुआ व सट्टा खेलते हैं। अगर वह सिविल ड्रेस में आएंगे तो सटोरिए पकड़ में आ सकते हैं। इसी वजह से वह सिविल ड्रेस में पहुंचे थे।

मीरापुर में करेली पुलिस का क्या काम

दरोगा भले ही लाख सफाई दें लेकिन तकनीकी रूप से वह फंस गए हैं। इस बात का कोई जवाब नहीं दे पा रहा है कि करेली के दरोगा अतरसुइया पुलिस स्टेशन एरिया के अंतर्गत आने वाले मीरापुर के पटेल नगर में रेड करने क्यों गए थे। अगर सटोरियों को पकड़वाया जाना था तो करेली पुलिस को क्यों बुलाया जाता। साफ है कि दाल में कुछ काला है।

बाक्स

पहले फंसा चुके हैं पुलिस वालों को

अरुण पांडेय का पुलिस वालों ने छत्तीस का आंकड़ा रहा है। उसने एक इंश्योरेंस कपंनी के एक मैनेजर पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती की मदद की थी। इसी युवती ने बाद में मीरापुर चौकी इंचार्ज अशोक शुक्ला पर ही रेप का आरोप लगा दिया था। इसके बाद चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया था। अरुण ने कोतवाली में भी इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह के नाम पर घूम मांगते हुए दीवान की वीडियो बना ली थी। इसी वीडियो के आधार पर दीवान को लाइन हाजिर कर दिया गया था।

इस मामले की अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच करवाई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

केएस इमेनुएल, एसएसपी