RANCHI: इससे अच्छे दिन और क्या होंगे। जब एविएशन मिनिस्टर अपनी फ‌र्स्ट क्लास सीट एक बीमार महिला को दे दे और खुद इकोनॉमी क्लास में सफर करे। धन्यवाद सर। यह ट्वीट रांची की रहने वाली उसी बीमार महिला की बेटी श्रेया प्रदीप ने की है, जिसके जवाब में एविएशन मिनिस्टर जयंत सिन्हा ने भी लिखा है कि आपका स्वागत है।

क्या है मामला

श्रेया प्रदीप ने अपनी ट्वीट में बताया भी है कि हजारीबाग के बीजेपी सांसद व केंद्रीय उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने उनकी कैसे मदद की है। उन्होंने कहा है कि वो अपनी बीमार मां के साथ इंडिगो की फ्लाइट में सफर कर रही थीं। उन्हें एक्सएल सीट दी गई थीं, ताकि उनकी मां को बैठने में आसानी हो। वह चल नहीं पा रही थीं। लेकिन, कोलकाता में फ्लाइट के ठहराव के वक्त उन्हें पता चला कि उनकी सीट केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा और उनकी पत्नी की थीं। इसके बाद जयंत सिन्हा को जैसे ही बीमार महिला के बारे में जानकारी मिली उन्होंने फौरन अपनी फ‌र्स्ट क्लास सीट छोड़ दी और खुद पत्नी के साथ इकोनॉमी क्लास में चले गए। ताकि उस सीट पर मेरी बीमार मां और मैं सफर कर सकूं।

पब्लिक के सबसे बड़े मददगार प्रभु

गौरतलब हो कि पीएम मोदी के कई मंत्री आम लोगों की मदद करके अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। सबसे ज्यादा रेल मंत्री सुरेश प्रभु रहते हैं। अब केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा भी इसमें शामिल हो गए हैं। उन्होंने एक लड़की और उसकी बीमार मां के लिए फ‌र्स्ट क्लास की सीट छोड़ दी। और खुद इकोनॉमी क्लास में सफर कर मानवता का परिचय दिया।