मंत्री आवास के पास रजिस्ट्रार कानूनगो का मर्डर

- काम निपटाकर घर के लिए निकले थे दीनदयाल

Meerut : दिल्ली रोड पर कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर के आवास से चंद कदमों की दूरी पर तहसील गेट के बाहर रजिस्ट्रार कानूनगो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सीने से सटाकर गोली मारने के बाद हमलावर सरेशाम फरार हो गए। उन्हें अस्पताल में लाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। दो महीने बाद 31 दिसंबर को उनके रिटायरमेंट की तारीख थी।

होने वाले थे रिटायर्ड

दीनदयाल पुत्र छोटे राम इंचौली थाने के मसूरी गांव के रहने वाले थे। दिल्ली रोड स्थित मेरठ तहसील में डेढ़ साल से रजिस्ट्रार कानूनगो के पद पर तैनात थे। शनिवार को तहसील में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम चल रहा था। दीनदयाल शाम छह बजे निकले थे। जैसे ही वे गेट पर पहुंचे, तभी वहां पहले से खड़े हमलावरों ने सीने से सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस दीनदयाल को अस्पताल लेकर आई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हमलावर की तलाश

दीनदयाल की हत्या की सूचना के बाद एसडीएम हर्षिता माथुर, तहसील का स्टाफ और परिजन मोर्चरी पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों और स्टाफ से पूछताछ की है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। हत्यारों के हौसले कितने बुलंद थे इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिस तहसील गेट पर दीनदयाल को गोली मारी गई उसी के पास पुलिस का चेक पोस्ट है। दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित जली कोठी में कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर का आवास है।