हाल-ए-रोडवेज देख चढ़ा मंत्री स्वतंत्र देव का पारा, पहुंचे थे सिविल लाइंस बस स्टैंड का निरीक्षण करने

लखनऊ जाने वाली एसी बस में यात्रियों को मिला था गर्म पानी, अन्य यात्रियों से भी किया सवाल-जवाब

ALLAHABAD: प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वतंत्र देव सिंह रविवार को इलाहाबाद पहुंचे। सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद औचक निरीक्षण के लिए स्वतंत्र देव सिंह सीधे सिविल लाइंस बस स्टैंड गए। वहां पहुंचते ही लखनऊ के लिये खड़ी एसी बस में घुस गए और यात्री के पास मौजूद पानी का बोतल मांगा। उसे हाथ में लेते ही उनका पारा चढ़ गया। क्योंकि बोतल का पानी काफी गर्म था। वे कुछ कहते तब तक कई यात्रियों ने यह बता दिया कि उन्हें बस में कभी ठंडे पानी की बोतल नहीं मिलती। इसके बाद मंत्री ने अधिकारियों को आगे शिकायत नहीं मिलने की हिदायत दी। यहां से वे सीधे कानपुर के लिए खड़ी फतेहपुर डिपो की बस में चढ़े और यात्रियों से सुविधाओं को लेकर बातचीत की।

देखा पानी की टंकी का हाल

मंत्री ने यात्रियों से लेकर स्टाफ तक से पहले सुविधाओं पर बात की ओर अचानक बस अड्डे की पहली मंजिल पर पहुंच गए। वहां लगी पानी की टंकी देखने के लिए बढ़े तो दरवाजे पर ताला लगा था। एक कर्मचारी दौड़कर चाभी लाया और ताला खोला। मंत्री टंकी का मुआयना करते समय मुंह बनाते नजर आए, जिससे लगा कि वे सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं।

सस्ती कैंटीन खोलने का निर्देश

यात्रियों ने बताया कि खानपान के स्टॉल पर वेंडर मनमाना वसूली करते हैं। रेट पूछने पर बदतमीजी से बात करते हैं। मंत्री ने दो दिन में रेट बोर्ड लगाने को कहा। आरएम डॉ। हरीशचंद्र यादव को एक माह में यात्रियों की सुविधा के लिए सस्ती कैंटीन खोलने का निर्देश दिया।

वर्कशाप का भी निरीक्षण

सिविल लाइंस डिपो से निकलकर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह राजापुर स्थित वर्कशाप पहुंचे। वहां कर्मचारियों के पास जाकर रजिस्टर देखा और उनकी समस्याओं को जाना। वर्कशाप में साफ-सफाई को दुरुस्त रखने और अधिकारियों को निगरानी का निर्देश दिया।

घाटे की होगी समीक्षा

इलाहाबाद परिक्षेत्र के जीरो रोड, बादशाहपुर और प्रतापगढ़ डिपो घाटे में चल रहे हैं। मंत्री ने कहा कि तीनों की स्थिति की समीक्षा एक माह के भीतर की जाएगी। जो भी दिक्कतें हैं, उन्हें दूर करने की योजना बनाई जाएगी। अ‌र्द्धकुंभ में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दस हजार बसें चलाई जाएंगी।

आरटीओ में दलाली नहीं चलेगी

इसके पूर्व स्वतंत्र देव ने परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। उन्होंने दो टूक कहा कि योगी सरकार में भ्रष्टाचार को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। बैठक में आरटीओ सगीर अहमद, एआरटीओ आरके सरोज व अभिषेक चौरसिया सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

सर्किट हाउस में जोरदार स्वागत

परिवहन मंत्री बनने के बाद पहली बार इलाहाबाद आने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्र देव सिंह का माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में विधायक संजय गुप्ता, भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मृत्युन्जय तिवारी, नंदलाल सिंह पटेल, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जयवर्धन त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता अजय राय, रणजीत सिंह, रवि केसरवानी, सनत कुमार मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल रहे।