यह था मामला

टीपी नगर थाना क्षेत्र के मेवला निवासी अशोक शर्मा यूपी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी हैं। इनका ओम साईं ट्रांसपोर्ट के नाम से टीपी नगर में ऑफिस है। अशोक शर्मा के फूफा जनार्दन दत्त शर्मा दिल्ली में नवीन शाहदरा में रहते हैं। जनार्दन दत्त शर्मा रिटायर्ड टीचर हैं। इनका देवलोक कॉलोनी में प्लॉट है। जिसकी खरीद फरोख्त के लिए इन्हें किसी अरविंद नाम के युवक ने फोन करके बयाना देने के लिए बुलाया था।

कागजात दिखाए

जनार्दन दत्त शर्मा अपने बेटे सर्वेश्वर दत्त शर्मा के साथ जमीन के कागजात लेकर मेरठ आए थे। यहां टीपी नगर की सिद्धार्थ मार्केट में संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा के ऑफिस पर दो लड़के कागजात देखने आए। इस दौरान अशोक शर्मा अपने फूफा के साथ मौजूद थे। वहीं कई और ट्रांसपोर्टर भी इस दौरान मौके पर रहे। आरोपी युवकों ने कागजात देखे और वहां से निकल आए। जबकि बयाना के लिए दस लाख रुपए देने की बात हुई थी।

गोली मारकर फरार

अशोक शर्मा अपने फूफा के साथ बाइक से उनके घर जाने के लिए निकले। आरोप है कि मेवला में प्रवेश करने से पहले ही कागजात देखने वाले ये दोनों युवक आए और बैग लूटकर भागने लगे। बाइक डिसबेलेंस होकर गिर गई। अशोक बाइक छोड़कर बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। बदमाशों ने पीछे आते अशोक पर तमंचे से फायर किया। जिसमें एक गोली अशोक के दाहिने हाथ में लगी। गोली लगते ही अशोक पीछे रह गए और बदमाश फरार हो गए।

इलाके में सनसनी

बदमाशों के फरार होने के बाद अशोक शर्मा को केएमसी अस्पताल ले जाया गया। जहां व्यापार संघ और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के लोगों की भीड़ लगी रही। जहां अशोक के फूफा जनार्दन दत्त शर्मा का कहना है कि मनीष प्रजापति नाम का एक प्रोपर्टी डीलर उनकी जमीन की खरीद फरोख्त के लिए लगा हुआ था। जिसने पहले भी प्लॉट के लिए एक लाख 74 हजार रुपए का बयाना दिलवाया था। मगर तय तारीख को पैसे नहीं मिले तो बयाना खत्म हो गया। मगर मनीष ये रुपए लेकर आ गया और जिसने पैसे दिए थे उसे रुपए नहीं दिए।

जमीन को लेकर हुआ मामला

जनार्दन शर्मा का कहना है कि पिछले डेढ़ महीने से ये लोग जमीन खरीदने के लिए कह रहे हैं। एक दिन पहले दस लाख रुपए बयाना देने के लिए राजेंद्र नगर में बुला रहे थे। मगर वहां नहीं गए थे। अब इन लोगों ने यहां बुलाया था। जहां कागजात देखने के बाद दस लाख रुपए देने के लिए कहा था। यहां कागजात देखे और जब बाहर निकले तो जमीन के कागज लूटकर फरार हो गए। अशोक ने पीछा किया था तो उसको गोली मार दी। यह भी आशंका जताई गई कि ये बदमाश जनार्दन शर्मा को मारने आए थे। पुलिस ने केस में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।

'इनका जमीन को लेकर कुछ डिस्प्यूट है। जमीन के कागजात देखने के लिए बुलाया गया था। जहां कागजात को छीनने वाले लोगों ने ट्रांसपोर्टर पर गोली चला दी। थाने में दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है.'

- ओपी सिंह, एसपी सिटी