JAMSHEDPUR: टेल्को थानाक्षेत्र के खडंगाझार राधिकानगर निवासी शैलेंद्र कुमार सिंह के साथ उनके पड़ोसी संजय मणि त्रिपाठी और भाई रंजय कुमार ने मारपीट की। इसके बाद पिस्तौल निकाल उनकी छाती पर सटाकर गोली मारने का प्रयास किया संयोगवश गोली नहंी चली। जिसके बाद लात-घूंसे का प्रहार कर दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शैलेंद्र कुमार सिंह ने संजय मणि त्रिपाठी और रंजय कुमार के खिलाफ जानलेवा हमला, रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

पिस्तौल व कारतूस बरामद

सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों के घर से पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किया है जिसे कागज में लपेट कर टेबुल के पास छुपा रखा गया था। वहीं पुलिस की दबिश से पूर्व दोनों आरोपी फरार हो चुके थे।

शैलेंद्र कुमार सिंह आइआरएस अधिकारी अनुराग सिंह के चाचा हैं। वहीं संजय मणि त्रिपाठी पश्चिमी घोड़ाबांधा पंचायत समिति के (पंसस) सदस्य हैं। शैलेंद्र सिंह और संजय मणी त्रिपाठी पड़ोसी हैं। बुधवार सुबह शैलेंद्र कुमार सिंह ने घर के सामने खड़े वाहनों को हटाकर दूसरे स्थान पर खड़ा करने को कहा। जिसे लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्ष के बीच मारपीट और गाली-गलौज होने लगी। इस बीच संजय मणि और उसके भाई रंजय कुमार ने उन पर हमला बोल दिया।

हमलावरों के घर से पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं। शैलेंद्र सिंह को मारपीट कर घायल कर दिया गया। शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था।

-शंकर कुमार ठाकुर, टेल्को इंस्पेक्टर