- 200 बंदियों को अन्य जेलों में किया गया ट्रांसफर

-जेल में बंद खूंखार बदमाशों के गैंग को तोड़ा गया

-भ्रष्ट जेल अधिकारियों से भी छीना गया है चार्ज

आई एक्सक्लूसिव

मनोज बेदी,

मेरठ : प्रदेश की सभी जेलों में मॉडल किचन बनाई जाएगी। जेल से चल रही गैंगवार खत्म करने के लिए प्रदेश के सभी जेलों में ईनामी व खूंखार बदमाशों को अन्य जेलों में ट्रांसफर किया जा रहा है। यह जानकारी प्रदेश सरकार के कारागार राज्य मंत्री जय कुमार जैकी ने सर्किट हाउस में दैनिक जागरण आईनेक्स्ट से विशेष बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जेलों का उन्होंने भ्रमण किया था। जिसमें बंदियों के भोजन की स्थिति काफी खराब मिली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जेल के भोजनालयों की स्थिति से अवगत कराया।

सीएम ने लिया संज्ञान

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जेल की सभी किचन को मॉडल किचन में तब्दील करने का शासनादेश दिया है। जल्द ही जेल की किचन को मॉडल किचन में तब्दील किया जाएगा।

खूंखार बदमाशों पर शिकंजा

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जेलों में रहने वाले सभी बदमाशों के गैंग कमजोर हुए हैं। पूर्व की जेलों में बंद बदमाशों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जेलों में ट्रांसफर किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जेलों में बंद बदमाशों को पूर्वी उत्तर प्रदेश की जेलों में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि साढ़े चार महीनों में करीब दो सौ बंदियों को अन्य जेलों में ट्रांसफर कर दिया गया है। बाकि बदमाशों को भी चिंहित करके उनकी लिस्ट बनाई जा रही है। इसके साथ जेल के भ्रष्ट अधिकारियों से भी कई जेलों का चार्ज छीना गया है।

सर्किट हाउस में स्वागत

कारागार राज्य मंत्री जय कुमार जैकी का सर्किट हाउस पहुंचने पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक संत लाल यादव ने बुके भेंट करके स्वागत किया। इसके साथ अपना दल के नेता मौ। आसिफ व रीना पटेल, सुधीर पंवार समेत काफी नेता भी मौजूद रहे। इससे पहले उन्होंने लिसाड़ी रोड में आयोजित अपना दल पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया। सर्किट हाउस में जेल के एकाउंटेंट की भी शिकायत की गई। जिस पर जेल मंत्री ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।