- डीएलडब्ल्यू ग्राउंड में शुरू हुई तैयारियां, महिलाओं के लिए बनेंगे 16 ब्लॉक्स

- जर्मन हैंगर से ढंका जाएगा पूरा मैदान, स्पो‌र्ट्स ग्राउंड में बनाए गए तीन हेलीपैड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मार्च को फ्रांस के राष्ट्रपति को नदेसर पैलेस के लिए विदा करने के बाद डीरेका में 10 हजार महिलाओं को संबोधित करेंगे। इसी सभा में मोदी कई योजनाओं का लोकार्पण भी कर सकते हैं। डीरेका में जनसभा के लिए तैयारियां शुरू हो गयी हैं। स्पो‌र्ट्स ग्राउंड में हेलीपैड और डीरेका मैदान में मंच बनाने का काम भी शुरू हो चुका है।

भव्य होगा मंच

डीएलडब्ल्यू ग्राउंड में 56 गुणे 32 फुट का मंच तैयार कराया जा रहा है। जनसभा के लिए मैदान में 16 ब्लॉक्स बनाए जा रहे हैं। हर ब्लॉक में 625 महिलाएं बैठेंगी। मंच और मैदान को ढंकने के लिए जर्मन हैंगर मंगाए गए हैं। मैदान के पांच गेट होंगे। इनमें एक वीआईपी, एक मीडिया और शेष आम जनता को एंट्री मिलेगी। मंच के पीछे पांच स्विस कॉटेज का निर्माण भी हो रहा है। इनमें एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।

मिर्जापुर भी जा सकते हैं

बुधवार को आए एसपीजी के एआईजी ने टीम के साथ डीरेका में सभा स्थल का दौरा किया। एसपीजी की टीम ने मिर्जापुर के छानबे ब्लॉक में तैयार हुए सोलर पावर प्लांट का भी जायजा लिया। मिर्जापुर में इसके उद्घाटन कार्यक्रम को कैंसिल माना जा रहा था।