कांग्रेस के गढ़ पर 'मोदी स्ट्राइक'

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राफेल डील पर कांगे्रस को खूब सुनाई खरी-खोटी

- कहा, क्वात्रोची मामा और मिशेल अंकल के बिना नहीं होते थे रक्षा सौदे

- सेना को भी किया बदनाम, कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट पर भी ऐतबार नहीं

ashok.mishra@inext.co.in

RAIBAREILLY:

हिंदी पट्टी के तीन राज्यों में शिकस्त के बाद रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राफेल डील को लेकर कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में उसे खूब खरी-खोटी सुनाई। कांगे्रस शासनकाल में रक्षा सौदों में हुए घोटालों को उजागर किया। पूछा कि आखिर कांग्रेस ने देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले इस मुद्दे को क्यों और किसके इशारे पर उठाया। कहा कि कुछ लोग भारत माता की जय कहने में शर्मिदा होते है। उन्हें देश की परवाह नहीं है। वे मोदी को गाली देना और दाग लगाना चाहते है। कुछ लोग झूठ को ही स्वीकार करते है। उनको देश के रक्षा मंत्रालय, वायुसेना, फ्रांस की सरकार और अब देश की सर्वोच्च अदालत भी झूठी लग रही है। सेना के प्रति देश का रवैया क्या रहा, इसे देश कभी माफ नहीं करेगा, कभी नहीं भूलेगा। तंज कसा कि अगर कांग्रेस के पापों को बताने लगा तो कई हफ्ते कम पड़ जाएंगे।

भाजपा में कोई क्वात्रोची, मिशेल नहीं

राफेल डील को लेकर कांग्रेस के आरोपों का सामना कर रहे प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल में हुए रक्षा सौदों की जमकर बखिया उधेड़ी। कहा कि क्वात्रोची मामा का बोफोर्स घोटाला हो या फिर मिशेल अंकल का हेलीकॉप्टर घोटाला, कांग्रेस के शासनकाल मे हुए हर रक्षा सौदे में कोई विदेशी मामा, अंकल, भतीजा जरूर होता था। हम मिशेल को लेकर आए तो कांग्रेस ने तुरंत अपना वकील अदालत भेज दिया। भाजपा में कोई क्वात्रोची और मिशेल नहीं, इसलिए वे बौखलाहट में न्याय पालिका को भी कटघरे में खड़ा कर रहे है। अब जबकि पारदर्शिता और ईमानदारी से सौदे हो रहे हैं तो वह घबरा कर सेना पर हमला बोल रहे है। सेनाध्यक्ष को गुंडा कहते हैं और गुंडों को अपनी पार्टी में ऊंचे पदों पर बैठाते है। उनसे क्या उम्मीद की जाए, ये सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते हैं और देश के दुश्मनों के दावों पर भरोसा करते है।

राफेल खरीदा न बुलेटप्रूफ जैकेट

मोदी ने कहा कि कारगिल युद्ध के बाद सेना ने अत्याधुनिक विमानों की आवश्यकता जताई थी। यूपीए सरकार के दस सालों में इसे नहीं खरीदा गया। सेना को मजबूत नहीं होने दिया गया। सेना ने वर्ष 2009 में 1.86 लाख बुलेटप्रूफ जैकेट की मांग की जो पांच साल में नहीं खरीदी गयी। हमारी सरकार ने वर्ष 2006 में 50 हजार जैकेट खरीदी और इसी साल अप्रैल में पूरी 1.86 जैकेट बनाने का ऑर्डर एक भारतीय कंपनी को दिया। वर्ष 2014 में यदि कांग्रेस की सरकार बनती तो तेजस विमान भी डिब्बे में बंद हो जाता। तेजस को भी कमजोर करने का प्रयास किया गया। हमने इसे स्क्वाड्रन में शामिल करने का निर्णय लिया। नये 83 विमान खरीदने की स्वीकृति दी। एचएएल की क्षमता को दोगुना करने को 14 हजार करोड़ रुपये दिए।

मैं जवानों की मां के प्रति जवाबदेह

मोदी ने कहा कि मैं किसी एक परिवार के प्रति नहीं बल्कि उन माताओं के प्रति जवाबदेह हूं जिन्होंने अपने बेटों को सीमा पर भेजा है। उनकी बहन, पति, बच्चों के प्रति जवाबदेह हूं। इसमें मैं कभी पीछे नहीं हटूंगा। हमारे लिए दल से बड़ा देश है। आज देश देख रहा है कि कांग्रेस उन ताकतों के साथ खड़ी है जो सेना को कमजोर देखना चाहते है। इन्हें किन देशों से समर्थन मिल रहा है, यह भी देश देख रहा है। आखिर ऐसा क्यों है कि इनके नेता यहां बोलते हैं, तालियां पाकिस्तान में बजती है। इस दौरान मोदी ने वर्ष 1971 के युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को पूरे देश की तरफ से श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

जवान, किसान की परवाह नहीं

करीब 50 मिनट के अपने भाषण में मोदी ने कहा कि कांग्रेस को जवान, किसान की परवाह नहीं है। पिछले 70 साल में किसानों की आय बढ़ाने के बारे में नहीं सोचा गया। स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट को लागू नहीं किया। एमएसपी को जमीदोंज कर दिया। हमने एमएसपी पर निर्णय लिया जिससे किसानों को सीधे 7000 करोड़ रुपये का फायदा हुआ। कांग्रेस यूरिया की नीम कोटिंग से भागती रही। फसल बीमा पर ज्यादा प्रीमियम किसानों से लेती रही। हमने 8000 करोड़ प्रीमियम लिया और आपदा में हुए नुकसान का 33 हजार करोड़ रुपये वापस दिया। वर्ष 2008 में किसानों से कर्ज माफी का वादा किया। उस दौरान छह लाख करोड़ का कर्ज था और केवल 60 हजार करोड़ कर्ज माफ किया।