- 10 दिनों के बाद नवादा की सभा में पीएम मोदी ने कहा, मेरी भी ना सुनें, राष्ट्रपति की सुनें

-हिन्दू- मुसलमान यह तय कर लें कि हिन्दू-मुसलमान के खिलाफ लड़ना है या गरीबी के खिलाफ

- नरेन्द्र मोदी ने नवादा, मुंगेर, समस्तीपुर और नवादा की सभा को संबोधित किया

क्कन्ञ्जहृन्: बिहार चुनाव देश का चुनाव कहा जा रहा था। अब यह दिखने भी लगा है। एक दिन में पीएम नरेन्द्र मोदी ने मुंगेर, बेगूसराय, समस्तीपुर और नवादा की सभा को संबोधित किया। चारों में से किसी सभा में मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कोई बात नहीं की। चारों ही जगह मोदी जोश में दिखे और खूब निशाने पर लिया कांग्रेस सहित लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार को। चारों जगहों की भाषणों में सबसे खास रहा नवादा का भाषण। जहां यूपी के दादरी में बीफ खाने की अफवाह पर एक शख्स को पीटकर मार डाले जाने की घटना के 10 दिन बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने अपना मुंह खोला।

नवादा में मोदी ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि छोटे-मोटे लोग राजनीतिक फायदा उठाने के लिए उल्टे-सीधे बयान देते रहते हैं। मैं अपील करता हूं कि इनकी बातें न सुनें। आप मेरी बात भी न सुनें। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने जो कल कहा है, उसे सुनें। सद्भाव का जो रास्ता राष्ट्रपति ने दिखाया है हम सबको मिलकर उस पर चलना होगा। नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज पूरे विश्व में हिन्दुस्तान का डंका बज रहा है। अमेरिका और जपान में भारत का डंका बज रहा है। अमेरिका, चीन और रूस में हिन्दुस्तान की जय जयकार हो रही है। मोदी के कारण हिन्दुस्तान की वाहवाही नहीं हो रही है। दुनिया में जो भारत का मान बढ़ा है वह सवा सौ करोड़ जनता के कारण हुआ है। 30 साल बाद दिल्ली में पूर्व बहुमत की सरकार बनी है। इसके चलते पूरे विश्व को यह लगा है कि अब हिन्दुस्तान के कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ा जा सकता है। पटना में दो तिहाई बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी तो पूरे देश में बिहार की जय जयकार होगी। दिल्लीवालों को बिहार आना होगा, बिहार के लोगों को दिल्ली जाने की जरूरत नहीं होगी। पीएम ने कहा कि सारी दुनिया में बिहार जैसा प्रदेश नहीं है, जहां इतने तेजस्वी लोग हों, जहां के इतिहास और परंपरा पर लोग गर्व करते हैं। इस बिहार को तबाह जिसने किया वैेसे लोगों को सजा देने की जरूरत है। बटन दबाकर ऐसे लोगों को सजा दीजिए। लालू प्रसाद को निशाने पर लेते हुए नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गाय के लिए हमने अपने सिर कटवा दिए हैं और आप क्या बोल रहे हैं? कहा कि दो साल पहल मैं जब पटना आया था तब गांधी मैदान में धमाके हो रहे थे, धरती रक्त रंजित हो रही थी। मैंने विश्वास नहीं खोया। ऐसे हाल में मैंने राजनीति नहीं की। मैने कहा था कि हम तय कर लें कि क्या हिन्दुओं को मुसलमान के खिलाफ लड़ना है या गरीबी के खिलाफ लड़ना है। उसी तरह मुसलमान भी यह तय कर लें कि हिन्दू के खिलाफ लड़ना है या गरीबी के खिलाफ।

मुंगेर की सभा में पीएम मोदी ने लालू प्रसाद के शैतान वाला सवाल उठाया। कहा गुजरात में गौ पालकों ने अमूल डेयरी को खड़ा किया। यहां एक नेता क्या-क्या खा गए। उन्होंने यदुवंश को अपमानित किया। आज जब आप उनसे पूछते हो तो वे क्या-क्या आरोप लगाते हैं? यह यदुवंश का अपमान है कि नहीं? जब मामला भड़का तो कहते हैं मेरे भीतर शैतान घुस गया था। मेरे मन में एक सवाल आता है। शैतान को यहीं का पता क्यों मिल गया? दुनिया में उसे कहीं और ठिकाना क्यों नहीं मिलता? कहा, वहां शैतान रहने की हिम्मत करता है, जहां उसकी खातिरदारी होती है, ऐसे लोगों के लिए बिहार में जगह है क्या? लालू ने साफ-साफ कहा कि अब हमारी लड़ाई शैतान से है। कहा कि गुजरात में सुबह 11 बजे ऐसी रैली हो, यह नहीं हुआ। हम शाम के समय का इंतजार करते थे। मैं हैरान हूं कि आप सोते हो कि नहीं सोते हो? जेपी को याद करते हुए नमो ने कहा कि आज 8 अक्टूबर है। आज ही जयप्रकाश नारायण का निधन हुआ था। उनमें मौत से भी मुकाबला करने की ताकत थी। आजादी के बाद वे भ्रष्टाचार से लड़ते रहे। संपूर्ण क्रांति की चेतना जगाई। वे लोग आज कांग्रेस के साथ बैठे हैं, जिस कांग्रेस ने जेपी को जेल में डाल दिया था। राम मनोहर लोहिया कांग्रेस विरोधी थे, लेकिन उनके साथी कांग्रेस का पानी पीकर हमें कोस रहे हैं। मुंगेर में मोदी ने लालू के राज ( जंगल राज) की चर्चा की। कहा अभी जंगल राज की भनक आ रही है। बिहार सरकार ने जो आंकड़े घोषित किए हैं उसके अनुसार 4 हजार लोगों का अपहरण हुआ है। आप बताइए क्या फिर से अपहरण का दौर आना चाहिए? मुंगेर की हवेली खड़गपुर में जन्मे चित्रकार नंदलालबोस की चर्चा उन्होंने की और कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने तो संविधान तैयार किया पर उसे सजाया नंद लाल बोस ने। मुंगेर के योगआश्रम की भी चर्चा की।

बेगूसराय में नरेन्द्र मोदी ने महागठबंधन पर खूब व्यंग्य कसा। कहा यह महास्वार्थ गठबंधन बिग बॉस के घर की तरह है। इसमें एक बिग बॉस है। वह खुद को किंग मेकर कहता है। बिग बॉस के घर की तरह गठबंधन के लोग भी एक दूसरे को खत्म करने की साजिश करते हैं। कहा कि कांग्रेस ने 35 साल तक राज किया। उसने क्या बिहार का भला किया है? कहा कि यहां जंगल राज के प्रतीक हैं लालू यादव। लोकनायक जयप्रकाश नारायण और राम मनोहर लोहिया के गीत गाते-गाते 15 साल तक बिहार की गद्दी पर बैठे रहे। 15 साल में क्या-क्या खाया सबको पता है। 15 साल में कहीं सड़के नहीं रहने दी। डॉक्टर बिहार छोड़कर चले गए। मोदी ने पैकेज की चर्चा की। कहा, हमने 1.25 लाख करोड़ रुपए का पैकेज दिया। दूसरी योजनाओं को मिलाकर 1.65 लाख करोड़ रुपए के पैकेज का ऐलान किया है। इस पैकेज से बिजली मिलनी चाहिए की नहीं, सड़क बननी चाहिए की नहीं?