तेजस्वी, तेजप्रताप और मीसा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल

बुधवार को आरजेडी ने 83 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की। जिसमें एक्स एमपी शहाबुद्दीन को बाहर कर दिया गया है जबकि उनकी पत्नी हिना शहाब को कार्यकारिणी में जगह दी गई है। एक्स सीएम राबड़ी देवी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाई गई हैं। टीम में रघुवंश प्रसाद सिंह समेत 5 उपाध्यक्ष और 8 महासचिव शामिल हैं। कोषाध्यक्ष और प्रवक्ता पद खाली रखा गया है।

करीबी को प्राथमिकता

चारा घोटाले में रांची जेल में बंद लालू यादव की अबसेंटी में पार्टी के प्रधान महासचिव कमर आलम ने नई टीम की घोषणा की। कमर आलम प्रधान महासचिव बने रहेंगे। लालू के करीबी विधायक भोला यादव, आलोक मेहता, कुमार सर्वजीत और विधान पार्षद रणविजय सिंह को पहली बार राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। संगठन में किसी भी पद पर रणविजय की पहली इंट्री है, जबकि भोला, सर्वजीत एवं आलोक की प्रोन्नति हुई है। भोला पहले प्रदेश में महासचिव थे और आलोक कार्यकारिणी सदस्य थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह एवं शिवानंद तिवारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर पूर्ववत बनाए रखा गया है।