- चेन स्नेचिंग के लिए मुफीद हुआ सुबह का समय

- कैंट एरिया में बदमाशों ने दो महिलाओं की चेन छीनी

GORAKHPUR: कैंट एरिया में बाइक सवार दो बदमाशों ने फ्राइडे मार्निग वारदात की। चेन स्नेचिंग के लिए बदमाशों ने सुबह छह बजे से सात बजे के बीच का समय चुना। आधे घंटे के भीतर हुई दो वारदात से पुलिस घनचक्कर हो गई। पुलिस अफसरों ने माना कि बदमाशों ने चुनौती दी है।

रिटायर टीचर से पता पूछा, झपट लिया चेन

महादेव झारखंडी मोहल्ले के आवास विकास कालोनी में रिटायर टीचर माधुरी मिश्रा रहती हैं। उनके पति राममूर्ति भी रिटायर लेक्चरार हैं। सुबह करीब छह बजे माधुरी अपने घर के सामने झाड़ू लगा रही थीं। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उनमें से एक ने उनसे सूर्या स्कूल का पता पूछा। तभी बाइक पर पीछे बैठे पीला शर्ट पहने युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन लिया। महिला के शोर मचाने के पहले दोनों कूड़ाघाट की तरफ फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंचा सिपाही तहरीर लेकर चला गया।

टहलने निकली महिला की छीन ली चेन

गोलघर स्थित पीली कोठी नंबर एक निवासी विजय शंकर की पत्‍‌नी कंचन फ्राइडे मार्निग टहलने निकलीं। विजय चौराहे से वह टाउनहाल की तरफ जा रही थीं। अग्रसेन तिराहे से आगे बढ़ने पर विजया बैंक के पास पहुंचीं। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो तेजी से आगे बढ़े। उनके आगे बढ़ने पर कंचन को चेन छीने जाने का अहसास हुआ। लेकिन तब तक बाइक सवार युवक टाउनहाल से आगे बढ़ चुके थे। महिला की सूचना पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।

चेन छिनैती की घटनाओं को पुलिस ने चुनौती माना है। बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम को लगाया गया है। जल्द ही चेन स्नेचरों पर शिकंजा कस लिया जाएगा।

सत्येंद्र कुमार, एसपी सिटी