साझेदारी को तोड़ा

मुंबई ने पहले बल्लेबाजी की और लड़खड़ाते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 121 रन बनाए। जवाब में सुपरजायंट्स ने आसानी से 32 गेंद शेष रहते एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रहाणे 42 गेंदों में सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 66 रन बनाकर नाबाद रहे। केविन पीटरसन 21 रन बनाकर नाबाद रहे। रहाणे ने 32 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन पूरे किए। रहाणे ने फाफ डु प्लेसिस (34) के साथ 74 रन की दमदार साझेदारी की। 33 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्के जमाने वाले प्लेसिस को हरभजन ने बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद रहाणे-पीटरसन ने पुणे को जिताकर ही दम लिया। इससे पहले हरभजन सिंह (नाबाद 45 रन) की पारी के बल पर मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 121 रन बनाए।

तगड़ा झटका दिया

वहीं हरभजन सिंह 30 गेंदों में 45 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का जमाया। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनके फैसले को इशांत शर्मा ने गलत साबित कर दिया। पारी का दूसरा ओवर डालने आए इशांत ने पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा (7) को एलबीडब्ल्यू कर दिया। इसके बाद उन्होंने लेंडल सिमंस (8) को क्लीन बोल्ड करके मुंबई को तगड़ा झटका दिया। इसके बाद मिचेल मार्श ने हार्दिक पांड्या (9) को धोनी के हाथों की शोभा बना दिया।  मार्श ने जोस बटलर को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया और अश्विन के हाथों कैच करा दिया। चोट से लौटे किरोन पोलार्ड (1) को भाटिया ने अपने स्पेल की पहली गेंद पर एलबीडब्ल्यू करके तगड़ा झटका दिया।

उपयोगी पारी खेली

श्रेयस गोपाल (2) को मुरुगन अश्विन लांग ऑफ में रहाणे के हाथों झिलवा दिया। इस बीच अंबाती रायुडु (22) ने उपयोगी पारी खेली। हालांकि अश्विन की गेंद पर वह मिडविकेट में डुप्लेसिस को आसान कैच थमाकर पैवेलियन लौट गए। प्लेसिस कैच को पकड़ने के बाद अपनी हंसी नहीं रोक सके।इसके बाद हरभजन सिंह को विनय कुमार (12) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने आठवें विकेट के लिए 28 रन की महत्वपूर्ण भागीदारी की। आरपी सिंह ने डीप मिडविकेट पर स्मिथ के हाथों कैच करा दिया। राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की तरफ से इशांत शर्मा और मिचेल मार्श ने दो-दो विकेट लिए। रजत भाटिया, रविचंद्रन अश्विन, मुरुगन अश्विन और आरपी सिंह को एक-एक सफलता मिली।

inextlive from Cricket News Desk

Cricket News inextlive from Cricket News Desk