मुंडेरा व्यापार मंडल ने धूमनगंज में लगातार व्यापारियों पर हो रहे हमले को लेकर जताई नाराजगी

ALLAHABAD: धूमनगंज में आए दिन बदमाशों द्वारा व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है। कभी किसी की हत्या कर दी जा रही है, तो किसी से रंगदारी मांगी जा रही है। साथ ही बम और फायरिंग कर धमकाया जा रहा है। रविवार को सुलेमसराय में जूता व्यवसायी के दुकान पर बम और फायरिंग कर जान से मारने का प्रयास किया, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। इससे पहले भी जूता व्यवसायी राजेश गुप्ता पर जानलेवा हमला किया गया। इससे नाराज व्यापारियों ने सोमवार को बैठक कर पुलिस प्रशासन पर अपनी नाराजगी जताई है। चेतावनी दी की यदि बदमाशों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।

व्यापारियों को टारगेट किया जा रहा है। पुलिस कार्यवाही की बजाय मौन बैठी है। यदि जल्द ही मुहिम चलाकर बदमाशों के खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई तो व्यापारी आंदोलन को बाध्य होंगे।

धनंजय सिंह, अध्यक्ष, मुंडेरा व्यापार मंडल

व्यापारियों पर हमला किया जा रहा है। पुलिस कुछ नहीं कर रही है। इससे अपराधियों का हौसला बढ़ा हुआ है। व्यापारी परेशान हैं और अधिकारी कार्रवाई की बजाय मौन साधे हुए हैं।

सोनू कुमार

जूता व्यावसायी पर हमला किसी एक पर हमला नहीं है। इससे पूर्व में भी कई व्यापारियों को बदमाशों की गोलियों का निशाना बनना पड़ा है। फिर भी पुलिस प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा हैं।

अतुल केसरवानी

क्षेत्र में व्यापारी डरे और सहमे हैं। अपराधियों की जगह जेल की सलाखों के पीछे है, मगर वे खुलेआम क्षेत्र में घुम रहे हैं। बेखौफ होकर आए दिन घटनाओं को अंजाम पर अंजाम दिए जा रहे हैं।

राजेश गुप्ता