नगर निगम ने सिविल लाइंस बस अड्डा पर लगाया डिस्पेंसर

लोगों से प्लास्टिक वेस्ट डिस्पेंसर में डालने की अपील की जा रही है

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: सिविल लाइंस बस अड्डा से बस पकड़ने या फिर सिविल लाइंस एरिया में रहने वाले लोग व आने-जाने वाले श्रद्धालु फ्री में बेस्ट क्वालिटी का एक कप चाय पी सकते हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें प्लास्टिक वेस्ट या फिर प्लास्टिक की बोतल लानी पड़ेगी। फिर उसे क्रश मशीन में डालना होगा। इसके बाद एक कप चाय मिल जाएगी। सिविल लाइंस बस अड्डा के बाहर नगर निगम द्वारा वेस्ट क्रश मशीन लगाई गई है।

चाय पिलाने की हुई शुरुआत

प्लास्टिक वेस्ट पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इसे कम करने और खत्म करने के लिए नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने नया तरीका अपनाते हुए प्लास्टिक वेस्ट लेकर चाय पिलाने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए सिविल लाइंस बस अड्डा के बाहर वेस्ट क्रश मशीन लगाई गई है। इसका शुभारंभ सोमवार को अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास ने किया।

जितना वेस्ट डालेंगे उतनी चाय मिलेगी

प्लास्टिक वेस्ट क्रश मशीन में जितना प्लास्टिक वेस्ट डाला जाएगा, उसके अनुसार चाय कप में गिरने लगेगी। एक कप चाय के लिए मिनरल वाटर की तीन बोतल काफी है। तीन बोतल डालने के बाद एक कप चाय मिल जाएगी। कुंभ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को सोमवार को जागरुक करते हुए प्लास्टिक वेस्ट क्रश मशीन में डलवाया गया और उसके बदले में चाय पिलाई गई।

कंपनी सोशल रिस्पांसबिल्टी के तहत क्रश मशीन लगवाई गई है। ताकि प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण हो सके। शहर में जल्द ही दस अन्य स्थानों पर वेस्ट क्रश मशीन लगाई जाएगी। प्लास्टिक वेस्ट डालने पर बेस्ट क्वालिटी की चाय दी जा रही है। कोई भी व्यक्ति प्लास्टिक वेस्ट डाल कर एक कप चाय पी सकता है।

ऋतु सुहास

अपर नगर आयुक्त, नगर निगम प्रयागराज