पर्यावरण अभियंता के खिलाफ शासन को भेजा जाएगा पत्र

मृतक कर्मचारी के पुत्र को दी जाएगी नगर निगम में नौकरी

ALLAHABAD: नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारी आरपी सिंह की मौत के मामले में नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन को दोषी ठहराते हुए कर्मचारियों ने सोमवार को कामकाज ठप रखा। कर्मचारियों के हड़ताल और आक्रामक रूख को देखते हुए नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन को झुकना पड़ा।

कौशांबी में मिला था शव

शुक्रवार को नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में तैनात कर्मचारी आरपी सिंह का शव कौशाम्बी में मिला था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी, इसी बीच जानकारी पर निगम कर्मचारियों ने पर्यावरण अभियंता राजीव राठी द्वारा कर्मचारी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने व कार्रवाई की धमकी का आरोप लगाया।

बैठक में लिए गई कई निर्णय

सोमवार को अपर नगर आयुक्त त्रिलोकी सिंह की मौजूदगी में कर्मचारियों के साथ बैठक हुई। कर्मचारियों की मांग मानते हुए पर्यावरण अभियंता राजीव राठी के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों से निर्धारित समय से अधिक देर तक काम नहीं लिया जाएगा। वहीं मृतक कर्मचारी के पुत्र को मृतक आश्रित में नौकरी देने और सभी पावना का भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया गया। समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक पंद्रह दिन में बैठक होगी। वार्ता के दौरान नगर निगम कर्मचारी एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र पालीवाल, मनोज श्रीवास्तव, शरद श्रीवास्तव, पंकज सूरी, महेश कुमार, वीरेंद्र खरे मौजूद रहे।