सर्राफ की दुकान समेत 8 दुकानों पर नगर निगम ने डाला ताला

हॉस्पिटल व पेट्रोलपंप ने सील के डर से दिया बकाया टैक्स

>BAREILLY:

नगर निगम का टैक्स वसूली अभियान हफ्ते के आखिरी दिन भी सीलिंग कार्रवाई के नाम रहा। नगर निगम टैक्स विभाग के दस्ते ने सैटरडे को भी बकाया टैक्स पर कॉमर्शियल इमारतें सील करने की कार्रवाई किया। टीम सैटरडे सुबह सुभाषनगर पहुंची। ज्वैलरी शॉप सहित 8 दुकानों के मालिक डीपी सिंह पर बकाया 1.40 लाख वसूली न मिलने पर टीम ने सभी 8 दुकानों को सील कर दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने टीम का विरोध भी किया, लेकिन सरकारी कार्रवाई में बाधा का डर और टीम की सख्ती के चलते विरोध थम गया। दुकान मालिक को बकाया रकम जल्द अदा करने को कहा गया है।

5 लाख दिया खुली सील

दुकानों को सील करने के बाद टीम सुभाषनगर पेट्रोलपंप के मालिक से बकाया 10.40 लाख का टैक्स वसूलने पहुंची। पेट्रोलपंप मालिकने बकाया टैक्स जल्द देने का वादा किया। टीम ने दो हफ्ते में बकाया टैक्स अदा करने वरना कार्रवाई करने की चेतावनी दी। वहीं एक दिन पहले शहामतगंज में सील किए गए एक शॉपिंग मॉल के ओनर ने 23.85 लाख के टैक्स पर 5 लाख का चेक नगर निगम में जमा किया। वहीं बाकी रकम 31 मार्च तक जमा करने का भरोसा दिलाया। इस पर टीम ने शोरूम की सील खोल दी। वहीं टीम ने डीडीपुरम स्थित सर्वोदय हॉस्पिटल भी वसूली के लिए पहुंची। हॉस्पिटल ओनर डॉ। वीके खेतान पर 9.95 लाख का टैक्स बकाया था। डॉक्टर ने 5 लाख का चेक देकर बाकी रकम 31 मार्च तक देने को कहा।