-आउट सोर्स पर जाने को तैयार नहीं निगम सफाई कर्मी

-निगम दफ्तर पहुंच कर किया हंगामा, आंदोलन की चेतावनी

Meerut: आउट सोर्सिग के विरोध में सफाई कर्मियों ने नगर निगम में जमकर हंगामा किया। सफाई कर्मियों का कहना था कि यदि उन्हें जबरन आउट सोर्स पर भेजा गया तो वह पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार कर देंगे। इस दौरान कर्मचारियों ने वेतन दिलाए जाने के लिए डीएम पंकज यादव को धन्यवाद दिया।

निगम में सपा के खिलाफ नारे

शासन के फरमान पर नगर निगम प्रशासन 2268 कर्मचारियों को आउट सोर्स पर भेजने की तैयारी में लगा है। जबकि इनमें से 1458 सफाई कर्मियों को आउट सोर्सिग पर भेजने की नगर निगम घोषणा भी कर चुका है। शुक्रवार को निगम सफाई कर्मियों ने आउट सोर्स के विरोध में नगर निगम दफ्तर में जमकर हंगामा किया। सफाई कर्मियों ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अगले चुनाव में पार्टी का बहिष्कार करने की घोषणा की। वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों ने आउट सोर्स का विरोध करते हुए कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।

क्या है मामला

दरअसल, अप्रैल में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर निगम संविदा सफाई कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर 11 दिनों के लिए शहर को कूड़े के हवाले कर दिया था। मामला शासन तक गूंजा तो नगर विकास मंत्री आजम खां ने निगम अफसरों को फटकार लगाते हुए हड़ताल में शामिल सभी संविदा कर्मियों को निकाले जाने का फरमान जारी किया था। इसके बाद से ही निगम इन कर्मचारियों को निकाल कर आउट सोर्स पर भेजने की तैयारी कर रहा था।

यदि सफाई कर्मियों को जबरन आउट सोर्स पर भेजा गया तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा। सफाई कर्मियों का उत्पीड़न किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कैलाश चंदौला, सफाई कर्मचारी नेता

शासनादेश का हर हाल में अनुपालन कराया जाएगा। चाहें संविदा पर हो या आउट सोर्स पर दो ही स्थितियों में कर्मचारी अस्थाई है। इसके विरोध का कोई तर्क नहीं बनता।

डा। प्रेम सिंह, वरिष्ठ नगर स्वास्थ अधिकारी