- समय से खुलेंगे बसेरा, अधिकारी लेंगे जायजा

- आई नेक्स्ट ने वास्तविकता से हटाया था पर्दा

आगरा। आखिरकार नगर निगम ने मुसाफिरों को बड़ी राहत दे दी है। उसने अपने सभी रैन बसेरों को मुसाफिरों के लिए खोल दिया है। वहां की व्यवस्थाओं को भी बेहतर कर दिया गया है, जिससे रात में रुकने वालों को कोई दिक्कत नहीं हो। आई नेक्स्ट ने सर्दी में रैन बसेरा की स्थितियों को लेकर लगातार खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद नगर निगम अधिकारी हरकत में आए और रैनबसेरों को मुसाफिरों के लिए खोल दिया।

कर्मचारियों की होगी तैनाती

शहर में मुसाफिरों के लिए नगर निगम ने 13 रैन बसेरा बनाए हैं। नगर निगम के चीफ इंजीनियर ने गुरुवार को तीन रैनबसेरों को जायजा लिया। इस दौरान राजामंडी और खंदारी के रैनबसेरों की खामियों को दूर करने का निर्देश भी दिया। इसके साथ ही पूरे शिफ्ट में रैन बसेरा खोलने के लिए कर्मियों की तैनाती की। जिससे मुसाफिरों को सर्दी में परेशानी नहीं हो। इसके साथ ही अन्य सभी रैनबसेरों को भी मुसाफिरों के लिए खोल दिया गया है।

11 जगह लगाए गए अलाव

कोहरे के साथ बढ़ी ठंड को देखते हुए गुरुवार को 11 स्थानों पर अलाव जलाया गया। बुधवार को 9 स्थानों पर ही अलाव जलाया गया था। अधिकारियों का कहना है कि ठंड के बढ़ने के साथ अलाव की संख्या बढ़ाई जाएगी।