फोटो सहित

पिपराइच के कैथवलिया चौराहे पर मारी थी गोली

कोनी मोड़ पर पकड़ा गया 50 हजार का ईनामी

GORAKHPUR: छोटकी कैथवलिया में अनिकेत उर्फ निरहू की सरेआम गोली मारकर हत्या करने का मुख्य आरोपी प्रधान राजकुमार यादव गुरुवार को पकड़ा गया। खोराबार एरिया के कोनी मोड़ पर घेराबंदी कर पुलिस टीम ने उसे अरेस्ट किया। उसके पास से पिस्टल, कारतूस और खोखा बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया कि घटना के तीन नामजद आरोपी अरेस्ट किए जा चुके हैं। एक अन्य की तलाश में पुलिस टीम लगी है। प्रधान के खिलाफ 50 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था।

सैलून में घुसकर दागी थी ताबड़तोड़ गोलियां

16 अक्टूबर को कैथवलिया चौराहे पर फिल्मी अंदाज में बदमाशों ने पूर्व प्रधान के बेटे अनिकेत को गोलियों से भून दिया था। सेविंग कराने के लिए वह अकेले सैलून गया। तभी बदमाशों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। सैलून में बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां दागकर जान ले ली। इस मामले में कैथवलिया के प्रधान राजकुमार उर्फ राजू सहित चार नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुरानी रंजिश को लेकर सरेआम हुई हत्या में एसएसपी ने अभियुक्तों के खिलाफ 50-50 हजार रुपए का ईनाम घोषित कर दिया। 24 अक्टूबर को पुलिस ने जितेंद्र यादव और श्रीभागवत को अरेस्ट कर लिया। जबकि, राज कुमार उर्फ राजू यादव और अरविंद यादव फरार थे।

जान बचाने के लिए प्रधान ने ली जान

गुरुवार को इंस्पेक्टर खोराबार अंबिका प्रसाद भारद्वाज, जगदीशपुर चौकी प्रभारी धनंजय राय पुलिस टीम के साथ हत्यारोपियों की तलाश में निकले थे। तभी सूचना मिली कि कई दिनों से फरार चल रहा प्रधान किसी काम से अपने गांव में जाने की तैयारी में है। सुबह करीब 11 बजे पुलिस टीम ने वाहनों की चेकिंग की शुरू कर दी। इस दौरान राज कुमार उर्फ राजू प्रधान पकड़ा गया। उसने पुलिस को बताया कि अनिकेत से हमारी पुरानी रंजिश है। वह हमारी हत्या की साजिश रच रहा था। इसलिए उसकी हत्या की गई। राजू के खिलाफ पिपराइच में एक मुकदमा दर्ज है। जबकि खोराबार थाने में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने बधाई दी। बताया कि फरार बदमाश को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।