RANCHI: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित मुरला पहाड़ के ऊपर ट्रैक्टर चालक डहरू उरांव( 25 वर्षीय ) पिता फागू उरांव की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनमें संजय उर्फ सहदेव बढ़ई व शिवा उर्फ सुधू महली शामिल हैं। दोनों गुमला जिला के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि डहरू को पहले शराब पिलाई और फिर मुरला पहाड़ के ऊपर ले गए। वहां बैठकर बातचीत की। इसके बाद सिर पर डंडे से अचानक हमला कर दिया। इससे मौके पर ही डहरू की मौत हो गई। प्रेस कान्फ्रेंस में कोतवाली डीएसपी भोला प्रसाद सिंह ने बताया कि डहरू की हत्या उसके दो दोस्तों ने मिलकर की है। उसने दोनों की पत्नियों से जबरदस्ती करने का प्रयास किया था।

4 घंटे में हत्याकांड का खुलासा

चार घंटे के अंदर हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या के लिए इस्तेमाल खून लगा डंडा व कपड़ा भी बरामद कर लिया है। कोतवाली डीएसपी ने बताया कि मृतक डहरू ने दोनों की पत्नियों के साथ छेड़खानी करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया था। इसकी जानकारी दोनों की पत्नियों ने अपने-अपने पति को दी थी। इसके बाद दोनों ने साजिश के तहत शराब पिलाकर डहरू की हत्या कर शव को पहाड़ पर ही फेंक दिया था। छापेमारी टीम में सुखदेवनगर इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह, एसआइ अमित कुमार पासवान, संजय कुमार दास, धर्मदेव चौधरी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।