-भाभी को किसी के साथ देख लेने पर मारी थी गोली

-पुलिस ने आरोपी देवर के पास से लाइसेंसी बंदूक भी की बरामद

BAREILLY: कैंट के क्यारा में घर के अंदर भाभी की गोली मारकर हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गोली मारने वाले देवर को गिरफ्तार कर लिया है। देवर सर्वेश ने पुलिस पूछताछ में भाभी को किसी के साथ देख लेने पर गोली मारने की कहानी बताई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बंदूक बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

बीच में पड़ी थी लाश

बता दें कि थर्सडे रात साढ़े 12 बजे रितू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रितू की लाश उसकी चारपाई पर पड़ी थी। उसकी बेटी अन्नू के भी कंधे में छर्रा लगा था। अन्नू ने ही अपने चचेरे भाई को जाकर बताया था कि चाचा सर्वेश ने गोली मारकर मां की हत्या कर दी है। सर्वेश हत्या कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की तो सामने आया कि रितू की लाश चारपाई पर सीधे नहीं बल्कि बीच में साइड से पड़ी थी और उसके पैर नीचे लटके हुए थे।

बंदूक फेंकने की फिराक में था

पुलिस जांच में आया कि रितू के किसी युवक से संबंध थे, जिसके चलते ही सर्वेश ने उसकी हत्या की है लेकिन परिजन अलग-अलग कहानी बता रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने सर्वेश के घरवालों पर नजर रखी तो पता चला कि सर्वेश अपने बेटे के जरिए जमानत के लिए संपर्क कर रहा है। उसने किसी के जरिए बेटे के पास रुपए भी पहुंचाए हैं। इस पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर बंदूक भी बरामद कर ली। वह बंदूक फेंकने की फिराक में था।

छत पर देखा था युवक को

जब पुलिस ने सर्वेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे शक था कि उसकी भाभी के कुछ युवकों से संबंध हैं। जिसका उसने कई बार विरोध भी किया था। थर्सडे रात में जब छत पर उसके दो पालतू कुत्तों ने भौंकना शुरू किया तो वह तुरंत जाग गया और छत पर देखने गया तो उसने देखा कि उसकी भाभी ने दरवाजा खोलकर किसी को भगाया है। जिसके बाद वह नीचे से बंदूक लेकर आया और भाभी से पूछने लगा कि कौन था। इस पर भाभी ने उसे नहीं बताया और झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में उसने बंदूक से गोली चला दी तो उसके सिर में लगी। इसी दौरान छर्रा भतीजी के भी लग गया।