- घटना के बाद चार साथी मजदूर फरार

- पुलिस गिरफ्तारी को लेकर दे रही दबिश

- रविवार शाम को जाना था एमपी स्थित अपने घर

देहरादून, राजपुर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके में एक महिला मजदूर की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। इलाके में हत्या के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस डॉग स्क्वॉड, फील्ड यूनिट टीम को लेकर घटनास्थल पहुंची और डेड बॉडी को कब्जे में लिया। महिला की पहचान केश पत्नी रामेश्वर (42 वर्ष) के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद डेड बॉडी को परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक महिला के पति ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पति नहीं था घर पर

मृतक महिला के पति ने पुलिस को बताया कि वह शौचालय गया था। घर आकर देखा तो उसकी पत्‍‌नी खून से लतपथ मिली। उसके गले पर तेज हथियार के निशान मिला। जिसके बाद आसपास अन्य मजदूरों को बुलाया और कंट्रोल रूम को सूचना दी।

रविवार शाम को जाना था घर

मृतका के पति ने बताया कि रविवार शाम को उनको अपने घर जाना था। ठेकेदार ने उन्हें 20 हजार रुपए दे दिए थे, जबकि 20 हजार रुपए और देने थे। आस-पड़ोस के मजदूरों को पता था कि उनको आज घर जाना है।

घटना के बाद चार मजदूर फरार

पुलिस की प्राथमिक जांच में महिला की हत्या उनके पड़ोस में रह रहे मजदूरों द्वारा किये जाने की आशंका है। मृतका के पति ने निर्माणाधीन भवन में काम करने वाले चार मजदूरों सोनू, महेन्द्र, सुनील, छोटे लाल के नाम तहरीर में लिखे हैं। सभी बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

तीन माह पहले आए थे

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीडि़त तीन माह पहले मध्य प्रदेश से मजदूरी करने देहरादून आए थे। वह ठेकेदार सुरेन्द्र कुमार वर्मा के निर्माणाधीन भवन में मजदूरी कर रहे थे। मृतक महिला के चार बच्चे हैं, वे मध्य प्रदेश में ही रहते हैं।

------------------

मृतका के पति ने चार लोगों के नाम तहरीर में दिए हैं। घटना के बाद वह फरार चल रहे हैं। गिरफ्तारी को लेकर पुलिस दबिश दे रही है।

अरविन्द कुमार, प्रभारी, थाना राजपुर