RANCHI:धुर्वा के सखुआ बगान में बोना यादव(16) की चापड़ से सिर पर वार कर हत्या कर दी है। घटना मंगलवार देर रात करीब 12 बजे की है। पुलिस ने देर रात शव को बरामद करते हुए 10 घंटे के अंदर कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज खटीक को भी गिरफ्तार कर लिया है। मूलरूप से बिहार के छपरा का रहने वाला मृतक बोना यादव सखुआ बगान में किराये के मकान में रहता था और टेंपो में खलासी का काम करता था। वहीं आरोपी सूरज प्राइवेट में टेंपो चलाता है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर लिया है। इस मामले में धुर्वा थाना में आरोपी सूरज के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

नशे में कर दिया कत्ल

सिटी एसपी अमन कुमार ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी सूरज खटीक ने बताया है कि नशे में धुत होकर टेंपो के मालिक देव कुमार उर्फ देवा की हत्या करने पहुंचा था। टेंपो मालिक नहीं मिला, तो कर्मचारी बोना यादव की ही हत्या कर दी। कांड को अंजाम देकर भागने के प्रयास में था। मगर, पुलिस ने उसे बिरसा चौक के पास से बुधवार की सुबह दबोच लिया है।

टेंपो मालिक के रिश्तेदार से था संबंध

पुलिस सूत्रों की मानें, तो आरोपी सूरज खटीक का टेंपो मालिक देव कुमार उर्फ देवा के रिश्तेदार से संबंध था। इस मामले में टेंपो मालिक और आरोपी में बकझक भी हुई थी। लड़ाई के बाद से वह टेंपो मालिक की हत्या के प्रयास में था। इसीलिए मंगलवार की रात नशे में धुत होकर पहुंचा था।