RANCHI: शुक्रवार की रात डोरंडा थाना एरिया में जमीन विवाद में अरुण किस्पोट्टा नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने के बाद परिजन अरुण किस्पोटटा को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डोरंडा थाना प्रभारी रमेश कुमार सिंह ने बताया कि डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा में जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में अरुण को गोली लगी थी। रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डोरंडा थाना पुलिस का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। छानबीन के बाद ही पता चलेगा कि आखिर अरुण किस्पोट्टा की हत्या किस जमीन को लेकर हुई है।

हत्या से पहले मिली थी अरुण को धमकी

जानकारी के मुताबिक, डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा के रहने वाले अरुण किस्पोट्टा का कुछ लोगों से जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था। बताया जा रहा है कि हमले से पहले उन्हें धमकी भी दी गई थी। वहीं शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने उनपर हमला कर दिया। गोली लगने से घायल अरुण को गंभीर हालत में रिम्स में भर्ती कराया गया था, जिनकी इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई।

थम नहीं रहा हत्या का सिलसिला

राजधानी रांची में जमीन के लिए होती हत्याओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिनों में एक के बाद एक कई हत्याओं के पीछे जमीन विवाद को कारण बताया जा रहा है।