गोली मारकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए युवक हुआ फरार

नाराज ग्रामीणों ने परिजनों के साथ किया चक्का जाम

ALLAHABAD: दरवाजे पर मां के साथ लेटी नीतू मौर्य को किसी सिरफिरे युवक ने गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बगल में लेटी मां की चीख सुन ग्रामीण दौड़ पड़े। तब तक युवक फरार हो चुका था। घटना सरायनाइत थाना क्षेत्र के मलखानपुर में शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे की है। युवती की मौत से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने देर रात हनुमानगंज चौराहे पर जाम लगा दिया। खबर लिखे जाने तक जाम समाप्त नहीं हो सका था।

देर रात तक चलता रहा जाम

मलखानपुर गांव निवासी धर्मराज मौर्य सब्जी बिक्रेता है। उसकी बीस वर्षीय बेटी नीतू अपनी मां शैलकुमारी के साथ दरवाजे पर लेटी हुई थी। इसी बीच किसी युवक ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही उसकी मौत हो गई। यह देख बगल में लेटी उसकी मां चीख पड़ी। उसकी आवाज सुन ग्रामीण दौड़ पड़े। तब तक युवक अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से फरार हो चुका था। खबर सुनते ही बाजार में सब्जी बेचने गया धर्मराज भी भाग कर घर पहुंचा। घटना से नाराज ग्रामीणों के साथ उसने हनुमानगंज चौराहे पर जाम लगा दिया। खबर सुनते ही पहुंची पुलिस रात दस बजे तक जाम खुलवाने का प्रयास करती रही। देर रात तक परिजनों की तरफ से पुलिस को कई तहरीर नहीं दी गई थी।

मई में हुई थी शादी

धर्मराज ने बेटी नीतू की शादी मई माह में भदोही जनप दनिवासी सुरेंद्र कुमार के साथ की थी। दो साल के बाद गौना होता था। ग्रामीणों के मानें तो नीतू से उसकी बड़ी बहन का देवर शादी करना चाहता था। नीतू से शादी को लेकर वह आए दिन धर्मराज पर दबाव बनाया करता था। इसके पूर्व भी वे काफी हंगामा कर चुका है। फिलहाल मामले में पुलिस का कहना है कि सारी बातें संज्ञान में आई हैं। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।