RANCHI : बुढ़मू थाना के उमेडंडा गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को पत्थर से कूच-कूचकर मार डाला। सोमवार की रात इस वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान कपड़ा कारोबारी लक्ष्मण साहू के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अवैध संबंधों को लेकर लक्ष्मण साहू की हत्या की गई है।

जबरन साथ ले गए

मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात ढाई बजे के करीब चार-पांच की संख्या में आए अपराधियों ने कपड़ा कारोबारी लक्ष्मण को उसके घर से जबरन अपने साथ ले गए। करीब आधा किमी ले जाने के बाद अपराधी लक्ष्मण को मारकर फरार हो गए।

घर में अकेले रहता था लक्ष्मण

लक्ष्मण साहू की पत्नी रांची में रहती है। वह बुढ़मू स्थित अपने घर पर अकेले रहता था। अपराधियों ने मौके का फायदा उठाते हुए उसकी हत्या कर दी। इधर, पुलिस हत्यारों का सुराग पाने के लिए रांची से डॉग स्क्वायड लेकर स्पॉट पर गई, लेकिन अपराधियों का सुराग नहीं मिल सका। इस संबंध में बुढ़मू थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

आठ आरोपियों का कोर्ट में सरेंडर

बुढ़मू थाना क्षेत्र के इटहे गांव में रहनेवाली ओखली देवी की डायन बिसाही में हत्या करनेवाले आठ नामजद अभियुक्त ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। सरेंडर करनेवालों में कृष्णा यादव, शिवशंकर उरांव, महादेव उरांव, बीरबल पाहन, संतोष लोहरा, चारो उरांव, मंगरा उरांव, सुनील उरांव शामिल है। जबकि इस मामले में सुबोध सिंह, जग्गी देवी तथा प्रेम उरांव फरार है। गौरतलब हो कि 25 जून की रात में ग्रामीणों ने डायन का आरोप लगा कर महिला को मार डाला था। महिला की हत्या करने के बाद उसकी नतिनी नीतू देवी ने बुढमू थाना पुलिस में 12 नामजद व 15 अज्ञात पर मामला दर्ज कराया था।