RANCHI : एक बाइक की खातिर दामाद ने अपने ससुर की जान ले ली। चान्हो थाना एरिया के पतरातू महुआटोली में सोमवार की शाम पांच बजे की यह घटना है। पुलिस ने आरोपी दामाद सोमरा उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि दहेज में बाइक नहीं मिलने को लेकर उसका ससुर सावना भगत के साथ विवाद हुआ था। इसी वजह से उसने टांगी से मारकर उसकी हत्या कर दी।

पांच दिनों से ससुराल में था

जानकारी के अनुसार, आरोपी सोमरा उरांव लोहरदगा जिले के खकपरता गांव का रहने वाला है। वह पिछले पांच दिनों से चान्हो के पतरातू महुआटोली स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। सोमवार की दोपहर जब सावना भगत बिस्तर पर आराम कर रहे थे, उसी दौरान सोमरा ने टांगी से उसपर वार कर दिया। रात आठ बजे जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पांच महीने पहले की थी बेटी की शादी

परिजनों के अनुसार, सावना भगत की पुत्री सुनीता टोप्पो की शादी पांच माह पूर्व सोमरा उरांव से हुई थी। सोमरा उरांव कुछ धंधा नहीं करता था। शादी के बाद से ही अलग से दहेज में बाइक की मांग करने लगा था। पत्‍‌नी सुनीता को प्रताडि़त भी करता था। बताया जा रहा है पुत्री को प्रताडि़त किए जाने पर परेशान सावना भगत ने ही पांच दिन पहले अपने बेटी व दामाद को गांव बुला लिया था और सोमवार को अपने दामाद को किसी बीमारी को लेकर डाक्टर के पास भी ले गए थे। सावना भगत सामाजिक कार्यो में बढ़चढ़कर हिस्सा लेते थे।