- दीवार बनाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

- गुरूनानक मार्केट में ज्यादातर होटल और लॉज अवैध

- विवादित जमीन पर कोर्ट में चल रहा है मामला

LUCKNOW :

चारबाग की गुरुनानक मार्केट में शुक्रवार दोपहर होटल मालिक मुकेश मनवानी (37) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई और व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी। इस बीच पुलिस घायल को इलाज के लिए लेकर ट्रामा पहुंची। जहां डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। होटल मालिक पर फायरिंग करने वाले बलबीर दुआ उर्फ शिंकू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। वहीं नाराज दुकानदारों ने सुदर्शन चौराहे पर रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

दीवार बनाने को शुरू हुआ था विवाद

रामगली आलमबाग निवासी मुकेश मनवानी का गुरुनानक मार्केट में शुभम लॉज है। साथ ही मुकेश की शिव मोबाइल्स के नाम से एक दुकान भी है। गुरुवार को मार्केट बंद थी। उसी दौरान मुकेश ने विवादित जगह पर दीवार का निर्माण करा लिया था। शुक्रवार को बलबीर दुआ को इस बात की जानकारी मिली। उन्होंने भाई मंजीत दुआ, रिंकू और रिक्की के साथ मिलकर दीवार ढहा दी।

पहले पकड़ा फिर दौड़ाकर मारी गोली

मुकेश को उसके भाई विक्रम और हीरा ने विरोधियों के दीवार गिराने की बात बताई। होटल मालिक मौके पर पहुंचा। जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। खुद को घिरते देख मुकेश ने मौके से भागने का प्रयास किया। उसे पारूल तिवारी और शेरू ने दबोच लिया। वहीं बलबीर दुआ ने मुकेश के सिर में गोली मार दी। जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। घायल को साथी दुकानदार पास के निजी अस्तपाल ले गये, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर ट्रामा सेंटर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही आईजी जोन जेएन सिंह और एसएसपी दीपक कुमार मौके पर पहुंच गए।

लाइसेंसी रिवाल्वर से मारी गई गोली

घटना के समय मौजूद लोगों का कहना है कि बलवीर और उसके भाई हत्या के इरादे से आए थे। उनके पास रिवाल्वर भी थी। बताया जा रहा है कि मुकेश को जिस रिवाल्वर से गोली मारी गई है वह लाइसेंसी थी। एसएसपी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही, अगर लाइसेंसी रिवाल्वर से हत्या की गई है तो लाइसेंसी निरस्त की कार्रवाई भी की जाएगी।

मार्केट हुई बंद फुटा व्यापारी का गुस्सा

दिनदहाड़े सरेबाजार में फायरिंग होने से दहशत का माहौल बन गया। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। साथ ही सुदर्शन चौराहे के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। नाराज व्यापारी हत्याकांड में शामिल मंजीत, रिंकू, रिक्की, पारूल और शेरू की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। घंटों तक चले प्रदर्शन के दौरान एएसपी पश्चिमी विकास चंद्र त्रिपाठी ने आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने का भरोसा दिया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है, लेकिन बवाल की आशंका पर गिरफ्तारी शो नहीं कर रही है।

मोबाइल व्यापारी पर भी किया था हमला

बलबीर सिंह दुआ और मुकेश मनवानी के बीच कई सालों से होटल की दीवार को लेकर विवाद चल रहा है। करीब आठ साल पहले गुरुनानक मार्केट में मोबाइल व्यापारी अश्वनी चावला पर बलबीर और उसके रिश्तेदारों ने हमला किया था। जिसकी एफआईआर नाका कोतवाली में लिखी गई थी। वहीं अश्वनी का साथ मुकेश देता था। इसी वजह से मुकेश और बलबीर के बीच भी रंजिश हो गई थी।

अवैध तरीके से किया होटल का निर्माण

रायल पंजाब होटल के मालिक बलबीर दुआ पर गलत तरीके से निर्माण कराए जाने का आरोप है। अश्वनी चावला की तरफ से कोर्ट में बलबीर सिंह के खिलाफ अवैध निर्माण का मामला दायर किया गया था। जिसका फैसला जल्द आने वाला है। अदालत में चल रहे पूरे मामले में मुकेश दोस्त अश्वनी का साथ देता था। वहीं बलबीर और उसके साथियों ने मुकेश को इस मामले से पीछे हटने के लिए कहा था।