चौफटका के पास रात 11 बजे के करीब हुई घटना से सनसनी

घटना को अंजाम देकर भाग बदमाश पुलिस छानबीन में जुटी

कानपुर हाई वे पर चौफटका के पास गुरुवार की रात 11 बजे के करीब एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार भाग निकलने में कामयाब हो गए। हत्या क्यों की गई? हत्यारे कौन थे? उनकी मृतक से क्या दुश्मनी थी? समाचार लिखे जाने के समय तक इसका पता नहीं चल सका था। राहगीरों की सूचना पर स्पॉट पर पहुंची डायल 100 पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेजवा दिया है। इस वक्त तक मृतक के परिवार का कोई सदस्य नहीं पहुंचा था। इससे यह पता नहीं चल पाया कि हत्या का कारण क्या हो सकता है?

बाइक से पहुंचा था सैनिक फॉर्म

चौफटका ओवरब्रिज के नीचे मिलिट्री फॉर्म का बोर्ड लगा है। मृतक इसी स्थान पर अपनी बाइक खड़ी करके किसी का इंतजार कर रहा था जब उसे गोली मारी गई। गोली मारने वाले भी बाइक से पहुंचे थे। उन्होंने दो गोलियां मृतक के सीने में उतारी और भाग निकले। गोली चलने की आवाज से हाइवे पर गुजरने वाले राहगीर चौंके और उन्होंने डॉयल 100 को इसकी सूचना दी। इसके बाद जब तक डॉयल 100 की टीम मौके पर पहुंचती वह दम तोड़ चुका था। तलाशी में उसके पास एक एक आईडी कार्ड बरामद हुआ। इसके मुताबिक उसका नाम पंकज पुरवार बताया गया है। वह करेली एरिया का रहने वाला था। मर्डर की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस के साथ सीओ और अन्य अफसर स्पॉट पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के पास मिले मोबाइल से उसके परिवारवालों को सूचना दी। रात 12 बजे तक परिवार का कोई सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा था। इससे पुलिस हत्या के कारणों के संबंधित किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे पा रही थी।

नगर निगम में करता था ठेकेदारी

अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक नगर निगम में ठेकेदारी करता था। स्पॉट पर अकेले खड़े होने से अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह किसी के बुलाने पर वहां पहुंचा था और किसी का इंतजार कर रहा था। हत्यारे नियोजित प्लान पर काम कर रहे थे तो उन्होंने मौका देखकर उसे निबटा दिया और वहां से भाग निकले।