यह था मामला
हाइवे पर राजश्री पेट्रोल पंप के सामने नारायण गार्डन कॉलोनी में पेप्सी का गोदाम है। गोदाम में बारह-बारह घंटे के लिए दो गार्ड तैनात किए गए। इस गोदाम में एक चौकीदार शेखपुरी थाना जानी का रहने वाला ऋषिपाल (55) पुत्र दरियाव सिंह और दूसरा जितेंद्र ड्यूटी पर लगाए गए थे। जो सुपर विजिलैंड सिक्योरिटी सर्विस कंपनी की ओर से रखे गए थे। रात को ऋषिपाल की ड्यूटी थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे जितेंद्र ड्यूटी चेंज करने के लिए गोदाम पर पहुंचा.

चौकीदार का कत्ल
जितेंद्र ने गेट खोलने के लिए खटखटाया। उसको कोई रेस्पांस नहीं मिला। वह काफी देर तक गेट को बजाता रहा लेकिन अंदर से कोई नहीं आया। काफी देर तक जब गेट नहीं खुला तो उसने अपने सुपरवाइजर और गोदाम के मैनेजर सुशील कुमार को फोन किया। ये दोनों गोदाम पर पहुंचे। जहां गेट खुलवाने की काफी देर तक कोशिश की गई। इन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और दीवार पर सीढ़ी लगाकर अदंर घुसी। जहां गार्ड रूम में चौकीदार की बॉडी पड़ी थी। आसपास खून पड़ा हुआ था। गोली उसके दिल के पास मारी गई थी.

लूट का हुआ प्रयास
मैनेजर सुशील कुमार का कहना है कि गोदाम के गेट का अंदर से ताला लगा हुआ था। इसलिए बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। देखने से लगता है कि चौकीदार को सोते हुए गोली मारी गई। इसके बाद बदमाशों ने कैश रूम का ताला तोड़कर उसमें एंट्री की। वहां रखी तिजोरी को तोडऩे की कोशिश की गई। मगर वह नहीं टूटी। उसका हैंडल तक तोड़ दिया गया। तिजोरी में पांच लाख रुपए कैश रखा था। बदमाशों ने खूब कोशिश की लेकिन वे तिजोरी को नहीं खोल पाए। इन्होंने चाबी भी लगाकर देखी थी, वह भी नहीं लगी.

कातिलों की तलाश
सूचना पर पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। एसपी सिटी और थाना पुलिस पहुंची। जहां उन्होंने मामले की तहकीकात की। ऋषिपाल के कत्ल को लेकर गोदाम के मैनेजर सुशील कुमार ने थाने में अज्ञात कातिलों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ खास इकट्ठा नहीं कर पाई है। यह तो साफ है कि बदमाश इस गोदाम में लूटपाट के इरादे से घुसे थे। मगर ताला नहीं खुलने की वजह से वे कुछ नहीं कर पाए। और चौकीदार का कत्ल करके निकल गए.

"बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। जिन्होंने चौकीदार को गोली मार दी। गोदाम में कैश भी रखा था जिस तक वे नहीं पहुंच पाए। कत्ल के हर एंगल पर जांच की जा रही है."
- महावीर सिंह, एसओ कंकरखेड़ा