RANCHI : झारखंड में डायन बिसाही के नाम पर हत्या हत्या किए जाने के मामले थम नहीं रहे हैं। खूंटी जिले के अड़की थाना एरिया के साय मारंगबेदा में एक दंपती की फरसे से काटकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान बली मुंडा (50) और पत्नी सुफी मुंडा (45) के रूप में की गई है, जबकि हत्या का आरोप बुरूदडीह निवासी बागा मुंडा व लिटा मुंडा पर लगा है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।

हथियार किए गए बरामद

दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए फरसा और कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है। दोनों ने बली और सुफी पर डायन लगाने का आरोप लगाया और कहा कि इस वजह से ही उन दोनों को मार डाला.इधर, पोस्टमार्टम के बाद दंपति के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

यह है मामला

27 जनवरी की रात बली मुंडा अपने परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। इस दौरान बाहर का दरवाजा खुला था। रात 11 बजे के करीब बागा और लिटा मुंडा फरसा और कुल्हाड़ी लेकर घर में आ घुसा। उन दोनों ने बली और उसकी पत्नी सुफी के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसके बाद धारधार हथियार से उन दोनों को मार डाला और फरार हो गए।

जान बचाने के लिए भागा बेटा

मृतक दंपती के पुत्र डेयका मुंडा ने पुलिस को बताया कि जब बागा और लिटा उसके माता-पिता के साथ मारपीट कर रहे थे तो वह घर में ही मौजूद था। लेकिन जब उन्होंने धारधार हथियार निकाला तो जान बचाने के लिए घर से भाग गया और फिर गांव वालों को इसकी जानकारी दी। फिर, ग्रामीणों के साथ जब घर आया तो माता-पिता का खून से लथपथ शरीर जमीन पर गिरा पड़ा था।