- कैंपियरगंज एरिया में घटना से फैली सनसनी

- सोमवार देर रात तीन युवकों ने की वारदात

Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: साल के पहले दिन ही सामूहिक दुष्कर्म और मर्डर की घटना से जिला दहल उठा। सोमवार रात एक तरफ जहां लोग नए साल के स्वागत के जश्न में डूबे थे। वहीं दूसरी ओर कैंपियरगंज के सत्संग भवन में धावा बोलकर बदमाशों ने चौकीदार पर हमला करके उसकी पत्‌नी संग सामूहिक दुष्कर्म किया। सामूहिक दुष्कर्म के बाद बदमाशों ने महिला की हत्या कर दी। घटना सोमवार की रात करीब 10 बजे हुई.  दुष्कर्म और मर्डर की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घायल चौकीदार की सूचना पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना में लोकल लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तफ्तीश चल रही है। महिला के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की वजह और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी।

पत्‌नी संग अलाव ताप रहा था चौकीदार
कैंपियरगंज में कस्बे के पास एक सत्संग भवन है। वहां की रखवाली के लिए सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ क्षेत्र का एक चौकीदार अपनी पत्‌नी संग रहता है। सोमवार रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्‌नी संग कैंपस में अलाव ताप रहा था। तभी बाउंड्री फांदकर तीन व्यक्ति दाखिल हुए। भीतर आते ही उन तीनों ने चौकीदार पर हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से चौकीदार की हालत बिगड़ गई। कुछ देर में वह अचेत हो गया। चौकीदार के सामने ही मनबढ़ उसकी पत्नी को कुछ दूर तक खींचकर ले गए। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करके तीनों युवक फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर उसे मदद नहीं मिल सकी। हल्ला करने पर उस पर भी हमला करके घायल कर दिया। होश में आने पर चौकीदार ने सत्संग भवन से जुड़े लोगों को जानकारी दी।

घटनास्थल पर ही महिला की मौत, पति गंभीर
भवन में घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। गंभीर हाल दंपति को सीएचसी कैंपियरगंज ले जाया गया। डॉक्टरों ने महिला को मृत बताया जबकि चौकीदार का उपचार चल रहा है। चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। मंगलवार को घटना की जानकारी होने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। कस्बे में चर्चा है कि नशे में धुत युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। सामूहिक दुष्कर्म विरोध करने पर गला दबाकर महिला की जान ले ली। पुलिस का कहना है कि महिला का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। इसलिए पहले से कुछ भी कह पाना मुश्किल है।

महिला के पति की सूचना पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रेप की पुष्टि हो सकेगी। मामला पाए जाने पर दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी जाएगी.
- ओंकारनाथ श्रीवास्तव, एसओ, कैंपियरगंज