RANCHI : बुंडू थाना क्षेत्र के गितलडीह गांव में बुजुर्ग महिला बुधनी देवी की डायन बिसाही के आरोप में कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। हत्या करने का आरोपी भतीजा डुटु मुंडा घटना के बाद से फरार है। हालांकि, कुल्हाड़ी से हमला किए जाने के बाद बुधनी को गंभीर हालत में रिम्स लाया गया, जहां इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला

बुधनी देवी के पति सुखराम मुंडा ने बताया कि उनका भतीजा लगातार उनकी पत्‍‌नी को डायन के नाम पर प्रताड़ित किया करता था कई बार उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी। सुबह बुधनी देवी गांव से बकरी चराने के लिए जंगल की तरफ निकली थी, उसी समय डुटु मुंडा ने उनपर कुल्हाड़ी से हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया, मारने के दौरान वह लगातार बुधनी देवी को डायन कहकर संबोधित कर रहा था। बुधनी देवी की चीख-पुकार सुनकर गांव के कुछ युवक दौड़े तो डुटु मुंडा मौके से फरार हो गया।

महिला की हत्या कर शव जंगल में फेंका, बरामद

टाटीसिलवे थाना एरिया के लाली हेसला टोली राढु जंगल से 35 वर्षीय एक अज्ञात महिला का नग्न अवस्था में शव बरामद किया गया है। शव काफी हद तक सड़ चुका है। शव को देखकर लगता है कि हत्या किए जाने के बाद उसे जंगल में फेंक दिया गया, क्योंकि उसका सिर पत्थर से कुचला गया है और गर्दन तार से लपेटा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर छानबीन शुरू कर दी है।

वजह तलाश रही पुलिस

टाटीसिलवे ओपी इंचार्ज के मुताबिक, आरंभिक छानबीन में पुलिस को जो पता चल रहा है उसके मुताबिक, तीन-चार दिन पहले महिला की हत्या कहीं और करने के बाद अपराधियों ने शव को जंगल में फेंक दिया। अपराधियों ने किस वजह से इस घटना को अंजाम दिया, इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।